हांसी में दहेज के लिए विवाहिता की जहर देकर हत्या:शरीर पर चोटों के निशान मिले; मायके वाले बोले- हत्या से पहले बुरी तरह पीटा गया, पति समेत 4 पर केस दर्ज

हिसार2 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मृतका गीता की फाइल फोटो। - Dainik Bhaskar
मृतका गीता की फाइल फोटो।

हिसार जिले के हांसी के गगनखेड़ी गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की जहर देकर हत्या कर दी है। हत्या का आरोप पति प्रदीप, सास चंद्र, ससुर धर्मपाल और ननद सुदेश पर लगा है। हांसी सदर थाना पुलिस ने मामले में जींद के डोहाणाखेड़ा निवासी मृतका के भाई के ब्यान पर चारों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या, मारपीट करने, साजिश रचने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मृतका का पोस्टमॉर्टम हिसार के नागरिक अस्पताल में किया गया। मृतका की गर्दन, पीठ, हाथों और टांगों पर चोटों के निशान भी मिले हैं। अभी तक मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मृतका के शरीर पर मिले चोट के निशान।
मृतका के शरीर पर मिले चोट के निशान।

पुलिस को दी शिकायत में राजीव ने बताया कि उसकी बहन गीता की शादी गगनखेड़ी निवासी प्रदीप के साथ 2014 में हुई थी। शादी के बाद से ही उसकी बहन को लगातार दहेज के लिए तंग किया जा रहा था। गीता का पति कोई काम धंधा नहीं करता है। लेकिन वो कई तरह के नशे करता है और सट्‌टा लगाता है। प्रदीप के पिता धर्मपाल की पेंशन से ही घर चल रहा था। जब प्रदीप के पास पैसे खत्म हो जाते थे तो वो गीता के साथ मारपीट करनी शुरू कर देता था और उसे मायके से पैसे लाने के लिए बोलता था। इसके अलावा उनके लुधियाना में दो प्लॉट भी थे, जिन पर प्रदीप की बड़ी बहन ने कब्जा कर रखा है। इन्ही बातों को लेकर अक्सर घर में झगड़े होते थे।

आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते महिला के परिजन।
आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते महिला के परिजन।

राजीव के अनुसार, शुक्रवार शाम को 4 बजे गीता के ससुराल से फोन आया कि उसकी हालत खराब है और उसे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जब वो अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ वहां पर पहुंचा तो देखा कि गीता की मौत हो चुकी है और उसके पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं। इस बारे में पूछने पर ससुराल वालों ने बताया कि गीता ने दोपहर को जहर निगल लिया था, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। वहीं गीता के परिजनों के अनुसार, उसके पति प्रदीप और अन्य ने मिलकर गीता के साथ मारपीट करके उसे जहर दिया है। इस मामले में गगनखेड़ी गांव की एक अन्य युवती भी शामिल है, जिसके साथ प्रदीप के अवैध संबंध हैं।

गीता के परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वो गीता का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। गीता की दो बेटियां और एक बेटा है। बड़ी बेटी पांच साल की है।

खबरें और भी हैं...