उत्तरप्रदेश के बरनावा आश्रम में 40 दिन की पैरोल काट रहे राम रहीम ने अपना चौथा गाना लॉन्च कर दिया है। इस दौरान उसने पहली बार भगवा रंग की जैकेट पहनी। साथ ही सिर पर टोपी और टी-शर्ट भी भगवा रंग की पहने नजर आया। इस तरह खुद का इंसां धर्म चलाने वाला राम रहीम अब पूरी तरह से भगवा रंग में रंग चुका है। राम रहीम अब हर सत्संग में गीता, रामायण और वेदों का भी जिक्र कर रहा है।
इस बीच, उसने शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) और सिख संगठनों को अपने धर्म से नशा छुड़ाने के अपने बयान पर भी सफाई दी है। राम रहीम ने कहा कि उसके बयान को तोड़ मरोड़कर दिखाया गया है। उसने कुछ दिन पहले ऑनलाइन सत्संग में कहा था कि आप लोग केवल अपने धर्म के लोगों का ही नशा छुड़वा दो। आ जाओ खुले मैदान में, हमारा चैलेंज है। इससे आपके ही नंबर बनेंगे।
देश जवानी का गाना लॉन्च किया
राम रहीम ने रविवार को नशे पर आधारित देश की जवानी गाना लॉन्च किया। जिसे अब डेरे की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया गया है। इस गाने की शुरुआत में ही राम रहीम भगवा रंग की गाड़ी पर नजर आता है। टी-शर्ट भी उसी रंग की पहनी होती है। उड़ते गुब्बारों में भगवा रंग के भी हैं। इसके बाद अगले सीन में राम रहीम मैरून रंग की जैकेट में गाना गाता दिखता है। 4 मिनट से ज्यादा के इस गाने के खत्म होने से पहले राम रहीम फिर भगवा जैकेट और टोपी में नजर आता है।
हमने किसी को चुनौती नहीं दी
राम रहीम ने सोमवार को ऑनलाइन सत्संग में नशे पर दूसरे धर्मों को दी गई चुनौती पर कहा- हमने तो कोई चैलेंज नहीं दिया, हम एक चीज कह रहे थे कि भाई हमारी हाथ जोड़कर विनती है, सभी धर्मों के जो गणमान्य लोग हैं कि हम सभी मिलकर समाज में से गंदा नशा निकाल दें। ये सोचकर ही निकाल दें कि हम अपने धर्म से ही गंदा नशा निकाल रहे हैं। वो धर्म भी बढ़ेगा और सारे समाज में खुशियां आएंगी। आओ मिलकर चलें, आओ सब मिलकर नशा छुड़ाएं। इसमें चैलेंज नाम की चीज कहां है?
भूकंप पीड़ितों के लिए राम रहीम ने की दुआ
राम रहीम ने तुर्की, सीरिया सहित चार देशों में आए भीषण भूकंप के चलते हजारों की संख्या में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया। राम रहीम ने ‘धन-धन सतगुरु तेरा ही आसरा’ के रूप में साधु-संगत के साथ भगवान से भूकंप पीड़ितों की आत्मिक शांति, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और पीड़ित परिवारों को इस दु:ख की घड़ी को सहन करने का बल बख्शने की प्रार्थना की।
पठान पर हो चुका है विवाद
दीपिका पादुकोण के भगवा रंग की बिकिनी पहनने के कारण ही शाहरुख खान की पठान मूवी पर विवाद हो चुका है। कई हिंदू संगठनों ने इस मूवी का विरोध किया और फिल्म के हीरो, हीरोइन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप भी लगाए।
14 महीनों में चौथी बार मिली पैरोल
हरियाणा के सिरसा स्थित डेरा सच्चा सौदा चीफ राम रहीम को 4 मामलों में उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। राम रहीम को चुनावी दिनों में पैरोल मिलने का सिलसिला एक साल पहले ही शुरू हो गया था। राम रहीम पिछले 14 महीनों में चौथी बार पैरोल पर बाहर है।
पहली बार फरवरी में आया था बाहर
राम रहीम को फरवरी 2022 में पंजाब और यूपी चुनावों में पहली बार 21 दिन की पैरोल मिली थी। इस दौरान वह गुरुग्राम आश्रम में रहा। उसको दूसरी बार 30 दिन की पैरोल 17 जून 2022 को मिली। तब वह यूपी के बरनावा आश्रम में रुका था।
उस वक्त वह पहली बार रिकॉर्डेड वीडियो के जरिए करीब साढ़े 4 साल बाद डेरा प्रेमियों के सामने आया था। अक्टूबर 2022 में राम रहीम फिर से 40 दिन की पैरोल पर बाहर आया था। वह अब तक 3 गाने लॉन्च कर चुका है। जो साल 2022 में 24 अक्टूबर, 6 नवंबर और 24 नवंबर को जारी किए गए थे।
ये खबर भी पढ़ें...
राम रहीम के चैलेंज से गर्माया माहौल:अपने धर्म वालों का नशा छुड़वाने का दिया चैलेंज, पंजाब के मंत्री बोले- उसकी गाइडेंस नहीं चाहिए
साध्वियों के यौन शोषण व हत्या के 2 केस में सजा काट रहे राम रहीम के नशा छुड़वाने के चैलेंज से माहौल गर्मा गया है। राम रहीम ने नशा छुड़वाने के नाम पर अब अपने विरोधियों को चुनौती दी है। पैरोल पर UP के बागपत स्थित बरनावा डेरे में ऑनलाइन सत्संग करते हुए राम रहीम ने कहा कि आप लोग केवल अपने धर्म के लोगों का ही नशा छुड़वा दो पूरी खबर पढ़ें
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.