हरियाणा के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने एसवाईएल को लेकर अरविंद केजरीवाल पर तंज कसा है। मूलचंद शर्मा ने कहा कि सतलुज-यमुना लिंक (SYL) नहर के पानी पर हरियाणा वासियों का हक है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद को हरियाणा का बेटा कहते हैं, अगर वे हरियाणा के बेटे हैं तो प्रदेश को एसवाईएल का पानी दिलवाएं।
मूलचंद ने कहा कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार और पंजाब में भी उनकी सरकार है। अरविंद केजरीवाल अगर हरियाणा के इतने हितैषी हैं तो वे हरियाणा का हक दिलवाएं और पंजाब से हरियाणा को एसवाईएल का पानी दिलवाने का काम करें। मूलचंद ने कहा कि हरियाणा अपने किसानों के हिस्से का हक मांग रहा है। आज दक्षिण हरियाणा में पानी की काफी किल्लत है। इसके अतिरिक्त भी प्रदेश को खेती के लिए पानी की जरुरत है, हमें हमारे हिस्से का पानी मिलना चाहिए। हरियाणा अपना हक लेकर रहेगा।
उन्होंने कहा कि यमुना का साफ पानी दिल्ली सरकार अपने यहां इस्तेमाल करती है और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का पानी हरियाणा के लिए छोड़ दिया जाता है। इस वजह से गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात, पलवल के लोगों को दूषित पानी मिलता है। इस दूषित पानी की वजह से इन जिलों में कैंसर के मरीज बढ़ रहे हैं। परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री को जो काम दिल्ली में करना चाहिए, वे वहां नहीं करते और आम आदमी पार्टी को पंजाब में जो काम करना चाहिए वे पंजाब में नहीं करते।
SYL पर कांग्रेस भाजपा गंदी राजनीति कर रही
वहीं हिसार पहुंचे अरविंद केजरीवाल से सवाल हुआ तो उन्होंने उलटा विरोधियों पर सवाल खड़े कर दिए। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में कांग्रेस और भाजपा का स्टैंड क्या है?। पंजाब में यह कहते हैं कि SYL नहीं बनने देंगे। हरियाणा में कहते हैं SYL का पानी लेकर रहेंगे। यह लोग गंदी राजनीति करते हैं।
दोनों राज्यों में पानी की कमी है। पंजाब और हरियाणा में पानी का स्तर बहुत कम है। दोनों राज्यों को पानी चाहिए। केंद्र की जिम्मेदारी बनती है कि वह पंजाब और हरियाणा के लिए पानी का इंतजाम करे। केंद्र का काम पंजाब और हरियाणा को लड़वाना नहीं है। ऐसे भारत आगे नहीं बढ़ेगा।
दोनों को पानी मिल सकता है, PM को सॉल्यूशन बताऊंगा
यह संभव है कि हरियाणा और पंजाब को पानी मिल सकता है। केंद्र को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने PM नरेंद्र मोदी से मांग की कि वह इसका इंतजाम करें। अगर उनके पास सॉल्यूशन नहीं तो मुझे बुलाएं, मैं उन्हें बताऊंगा। दोनों राज्यों में अलग-अलग स्टैंड की राजनीति हम नहीं करते। उन्होंने कहा कि वह पीएम मोदी को समाधान बताएंगे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.