हरियाणा के हिसार जिले के गांव स्याहड़वा में 40 फुट गहरे कुएं में मिटी के नीचे दबे दो किसानों को निकालने के लिए सेना और NDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। अभी तक यहां जेसीबी मशीन से खुदाई चल रही थी, लेकिन अब सेना अपने साथ पोकलेन मशीन लेकर पहुंची है। पोकलेन से कुएं के चारों तरफ खुदाई की जा रही है।
उम्मीद जताई जा रही है कि 40 फुट तक खुदाई करने के बाद जवानों को मिट्टी के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए उतारा जाएगा। करीब 10 घंटे से बचाव के लिए यहां काम हो रहा है। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लगी है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी वहां मौजूद हैं। जिन परिवारों के लोग मिट्टी में दबे हैं, उनका रो रोकर बुरा हाल है। वे कई घंटों से टकटकी लगाए, अपनों के कुएं से निकलने का इंतजार कर रहे हैं।
भिवानी बॉर्डर पर है गांव
हिसार से करीब 33 किलोमीटर दूर भिवानी बॉर्डर पर स्थित गांव स्याहड़वा जिला हिसार का अंतिम गांव है। रविवार सुबह सात बजे के करीब गांव स्याहड़वा के जयपाल और जगदीश उर्फ फौजी खेत में बने एक गहरे कुएं में किसी काम से उतरे थे। दो-तीन व्यक्ति उपर भी मौजूद थे। दोनों 40 फुट नीचे कुएं में काम कर ही रहे थे कि कुंआ बैठ गया। मिट्टी की एक बड़ी थेह नीचे गिर गई और जयपाल और जगदीश नीचे दब गए।
दोनों के बचने की उम्मीद कम
कुएं के उपर बैठे लोगों को इसका पता चला तो उन्होंने शोर मचा कर आसपास के लोगों को मौके पर बुलाया। हादसे की सूचना प्रशासन को भी दी गई। प्रशासन की मिट्टी में दबे लोगों को निकालने के लिए एक टीम मौके पर भेजी गई है। ग्रामीण भी अपने स्तर पर कुएं से मिट्टी निकालने में जुटे हैं।खबर लिखे जाने तक मिट्टी में दबे दोनों व्यक्तियों को बाहर निकालने का अभियान चल रहा था। दोनों के बचने की उम्मीद भी ग्रामीण छोड़ चुके हैं। जेसीबी मशीन से कुएं से मिट्टी निकालने का काम जारी है। प्रशासन की ओर से आर्मी-एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.