हरियाणा में कैथल-कुरुक्षेत्र मार्ग पर महिला बस में बच्चे को जन्म दिया। प्रसव पीड़ा शुरू होने पर बस रुकवा पुरुष यात्रियों को नीचे उतरवा महिला यात्रियों ने 8 मिनट में डिलिवरी करवाई। दोनों मां-बेटा स्वस्थ हैं। इसके बाद उन्हें पीएचसी ढांड में भर्ती करवाया गया। चालक-परिचालक महिला को खुद वहां छोड़कर आए।
कैथल डिपो के ड्राइवर सुरेश और कंडक्टर अनिल यमुनानगर बस लेकर जा रहे थे। चालक सुरेश ने बताया कि ढांड बस अड्डा से करीब डेढ़ किलोमीटर चलने के बाद महिला ने बस को रोकने के लिए आवाज लगाई। कंडक्टर की व्हिसल के बाद उन्होंने बस रोकी। महिला ने बताया कि उसकी बेटी को प्रसव पीड़ा शुरू हो गई है। बस में बैठी एक महिला ने पुरुषों को नीचे उतरने के लिए कहा। सभी पुरुष नीचे उतर गए। महिलाओं ने 8 मिनट के अंदर डिलिवरी करवा दी। इसके बाद चालक-परिचालक ने बस को वहां से वापस मोड़कर PCH ढांड पहुंचाया और जच्चा-बच्चा को एडमिट करवाया।
बच्चे को जन्म देने वाली शिवानी अपनी मां और रिश्तेदार के साथ कैथल से बस में सवार हुई थी। उन्होंने पिपली तक की टिकट बनवाई थी, लेकिन प्रसव होने के कारण उन्हें ढांड PHC में छोड़ा गया। ढांड PHC की ANM शोभा ने बताया कि उनके पास बस में डिलिवरी के बाद जच्चा-बच्चा आए थे। उन्हें इलाज के बाद GH कैथल में रेफर किया है। बच्चे का वजन 1 किलो 800 ग्राम रहा। दोनों स्वस्थ्य है। शिवानी की शादी उचाना के विशाल के साथ हुई। जो पिपली की रहने वाली है। आज अपनी मां के साथ घर जा रही थी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.