हरियाणा के करनाल जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। परेशानी की बात यह है कि पॉजिटिव आने वालों में दोनों डोज लेने वालों की संख्या ज्यादा है। पिछले 11 दिनों में करनाल में 1958 पॉजिटिव केस मिले। इनमें से 1283 ऐसे हैं, जिन्होंने दोनों डोज लगवा रखी हैं। जो 65.5% बनती है। ऐसे में वैक्सीनेशन के बाद भी संभल कर रहने की जरूरत है। यहां पर सुखद बात यह है कि जो वैक्सीनेटिड व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आए हैं, उनमें से किसी की भी मौत नहीं हुई है।
1669 कोरोना पॉजिटिव एक्टिव केस
जिला में गुरुवार को कोरोना के 285 नए पॉजिटिव केस मिले, जबकि 120 ठीक हुए हैं। अब तक 6,64,176 व्यक्तियों के सैंपल लिए गए हैं। पिछले 24 घंटे में 2431 सैंपल लिए गए। जिले में अब तक 42,070 पॉजिटिव केस सामने आए थे, जिनमें से 39,845 मरीज ठीक होकर घर चले गए। जिले में अब तक 556 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की मृत्यु हो चुकी है।
जरूरी हो तो ही घर से बाहर निकलें
सीएमओ डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि कोरोना को तीसरी लहर का वैरिएंट बड़ी तेजी से फैल रहा है। इसको रोकने के लिए सावधानी सबसे जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग ने पूरी तैयारी की हुई है। लगातार हाथों को सैनिटाइज करें। मास्क लगाकर रखें। दो गज की दूरी रखें और बिना काम के घर से बाहर न जाएं। जरुरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। सबसे अहम कोरोना की डोज लें, ताकि पॉजिटिव आने पर भी खतरा कम रहे।
21.07 लाख को लगी वेक्सीन
करनाल में 21 लाख 7 हजार 57 वेक्सीन लगी हैं। 12 लाख 24 हजार 155 को पहली डोज, 8 लाख 80 हजार 152 को दूसरी डोज लगी है। 2750 को बूस्टर डोज लग चुकी है। इनमें 15 से 17 आयुवर्ग के 50 हजार 583 किशोर, 18 से 44 आयुवर्ग में 12 लाख 90 हजार 199 युवा, 45 से 60 आयुवर्ग में 4 लाख 53 हजार 914 लोग व 60 से ऊपर आयुवर्ग में 3 लाख 12 हजार 361 बुजुर्गों को वेक्सीन लगी है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.