हरियाणा में करनाल के घरौंडा में खनन माफिया ने DSP को कुचलकर मारने की कोशिश की। यह वाकया तब हुआ, जब घरौंडा के DSP मनोज कुमार वहां अवैध खनन पर रेड करने गए थे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर रेत से भरे डंपर को रोकने के लिए कहा।
यह देख माफिया ने डंपर की स्पीड बढ़ा दी। हालांकि DSP ने एक किनारे होकर जान बचाई। इसके बाद माफिया वहां से फरार हो गए।
महिला SDM के साथ की थी रेड
जानकारी के अनुसार, घरौंडा के बल्हेड़ा के गांव पास स्थित यमुना नदी के पास रेत का अवैध खनन किया जा रहा था। जिसकी कई बर शिकायत प्रशासन के पास आई थी। इसके बाद शुक्रवार दोपहर बाद घरौंडा SDM अदिति व DSP मनोज कुमार के नेतृत्व में टीम के साथ यमुना नदी के पास में खनन माफिया पर छापेमारी की।
DSP मनोज कुमार ने बताई पूरी कहानी
हमें इन्फॉर्मेशन मिली थी कि बल्हेड़ा में अवैध माइनिंग हो रही है। जिसके बाद मैं SDM और पुलिस टीम के साथ यहां आए। हमने यहां गुप्त रेड की। जब हम यहां पहुंचे तो अवैध खनन वाले हमें देखकर भागने लगे। जैसे ही हमने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उन्होंने हमारे ऊपर डंपर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद डंपर भाग गया, लेकिन जेसीबी को हमने पकड़ लिया। इसमें किसी को चोट तो नहीं लगी लेकिन उन्होंने डंपर चढ़ाने का प्रयास जरूर किया। जिस हिसाब से हम देख रहे हैं, यहां 8-10 दिन से अवैध माइनिंग चल रही थी।
पुलिस टीम को देख सभी हुए मौके से फरार
जब प्रशासन की टीम ने वहां रेड की तो खनन माफिया में भगदड़ मच गई। पकड़े जाने से बचने के लिए वह भागने लगे। इसी दौरान DSP को कुचलकर मारने की कोशिश हुई। इस कार्रवाई में माफिया कई वाहन छोड़कर भी वहां से भाग निकला। जिसके बाद टीम ने वहां से 2 बाइक और एक JCB को जब्त कर लिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
टीम पर डंपर चढ़ाने की कोशिश का पता चलते ही करनाल पुलिस में हड़कंप मच गया। करनाल के SP गंगा राम पूनिया ने कहा कि अवैध खनन की शिकायत के बाद यह रेड की गई थी। पुलिस ने माफिया के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें पकड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हरियाणा में खनन माफिया ने DSP पर डंपर चढ़ाया, मौत:घटना के 4 घंटे के भीतर पुलिस एनकाउंटर में घायल आरोपी गिरफ्तार
हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार को खनन माफियाओं ने DSP पर डंपर चढ़ा दिया। DSP सुरेंद्र सिंह यहां छापा मारने आए थे। हालांकि उनकी मौके पर ही मौत हो गई पूरी खबर पढ़ें
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.