हरियाणा में भाजपा नेताओं को रोकने की कोशिश कर रहे किसानों पर शनिवार को लाठीचार्ज किया गया। करनाल में घरौंडा के पास बसताड़ा टोल प्लाजा पर पुलिस ने किसानों पर लाठियां भांजी। यहां किसानों ने टोल की दो-दो क्रॉसिंग छोड़कर बाकी रास्तों को बंद कर दिया था। लाठीचार्ज में कई किसानों का सिर फूटा और खून बहा। वहीं, पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए किसान खेतों में भाग गए।
करनाल में बसताड़ा टोल प्लाजा पर पहुंचे गुरनाम चढ़ूनी
करनाल में किसानों पर हुए लाठीचार्ज के बाद प्रदेशभर में हाईवे और टोल जाम कर दिए। इस बीच किसान नेता गुरनाम चढ़ूनी बसताड़ा टोल प्लाजा पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि किसान सड़कों पर हैं और सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे हैं। जब तक गिरफ्तार किसानों को रिहा नहीं किया जाता, तब तक सभी रोड और टोल प्लाजा जाम रहेंगे। हालांकि देर शाम उन्होंने जाम लगाने वाले किसानों से सड़क मार्ग खोलने की अपील की। इसके बाद जाम खोल दिए गए।
किसानों ने हाईवे जाम करने शुरू किए
किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी के आह्वान पर हिसार-दिल्ली हाईवे पर किसानों ने दोपहर बाद रामायण टोल जाम किया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस ने वाहनों को खरड़ और रामायण की तरफ डाइवर्ट किया। करनाल में जींद चौक, बसताड़ा टोल, निसिंग और जलमाना गांव में जाम लगाया। रोहतक में मकड़ौली टोल पर किसानों ने जाम लगाया।
नरवाना में बद्दोवाल टोल प्लाजा भी किसानों ने जाम किया। जिले कैथल के NH-152 पर तितरम मोड़, कैथल से चीका मार्ग पर भागल गांव, पटियाला मार्ग पर हांसी-बुटाना नहर पर चीका में किसानों ने जाम लगाया। फतेहाबाद के ढाणी गोपाल चौक पर किसानों द्वारा रोड जाम किया। जींद-करनाल हाईवे भी जाम किया। अलेवा में किसानों ने जाम लगाया। भिवानी में कितलाना टोल पर किसानों ने जाम लगाया।
सिरसा में किसानों ने रोड जाम करने शुरू किए। अंबाला में किसानों ने नेशनल हाईवे जाम किया। अमृतसर-दिल्ली, दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे जाम किया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आनन-फानन में पुलिस ने रूट डायवर्ट किया। फतेहाबाद में नेशनल हाईवे-9 बायपास पर किसानों ने लगाया जाम। रतिया में बुढलाडा रोड को किसानों ने जाम किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.