पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में पूर्व पार्षदों ने गुरुवार को डीसी शांतनु शर्मा से मुलाकात। मांग की कि नप थानेसर की तैयार की जा रही वोटर सूची में धांधली और वार्डबंदी की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। मतदाता सूचियों और वार्डबंदी को ठीक किया जाए।
आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों और वार्डबंदी में नपा अधिकारियों की मिलीभगत से गड़बड़ी की गई है। गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। डीसी ने शिष्टमंडल को निष्पक्ष जांच करवाने का आश्वासन दिया।
पूर्वमंत्री अशोक अरोड़ा के नेतृत्व में शिष्टमंडल में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन जलेश शर्मा, पूर्व पार्षद नरेंद्र शर्मा निंदी, पूर्व पार्षद मन्नू जैन, पूर्व पार्षद विवेक मेहता विक्की, पूर्व पार्षद गौरव शर्मा गौरी, पूर्व पार्षद ओमप्रकाश ओपी, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि व कांग्रेसी नेता पवन चौधरी, सुनील अमरनाथ, विवेक भारद्वाज डब्बू, पूर्व पार्षद निश्चल ढींगरा सहित चुनाव लड़ने के इच्छुक कई नेता शामिल थे। अरोड़ा ने बताया कि डीसी को बताया है कि नगर परिषद की मतदाता सूची में राजनीतिक दबाव के चलते अनेक धांधलियां बरती जा रही हैं।
आबादी कम, वोटर ज्यादा : वार्डबंदी में भी गड़बड़ी की गई है। जहां 10 और 14 वार्ड में आबादी कम है, लेकिन मतदाता आबादी से भी अधिक बना दिए हैं। वार्ड-10 की आबादी 5738 है जबकि वोटर सूची में 7482 मतदाता हैं। इसी प्रकार 14 में आबादी 4702 और वोटर 4968 दिखाए हैं। वार्ड 21 में तो 1939 वोटर हैं। वार्ड 22 में 2295 व वार्ड़ 11 में 2368 वोटर हैं जबकि कई वार्डों में 5 व 7 हजार से अधिक मतदाता रखे गए हैं। सूची में धांधली बरती गई है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.