कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में दो दशक बाद विश्वविद्यालय में कार्यरत गैर-शिक्षक कर्मचारियों के लिए खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। 11 व 12 फरवरी को दो दिन चलने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, रस्साकशी और म्यूजिक चेयर शामिल हैं। इसका शुभारंभ केयू कुलसचिव प्रो. संजीव शर्मा करेंगे। कुंटिया प्रधान रामकुमार गुर्जर ने बताया कि खेलकूद शरीर को फिट रखने लिए उपयोगी है। अगर हम शारीरिक रूप से कमजोर हैं, तो हमारे पास जागरूक मस्तिष्क नहीं हो सकता।
खेलकूद हमें स्वस्थ रखने के साथ सक्रिय रखते हैं और हमें स्मार्ट और सतर्क बनाते हैं। उन्होंने कहा कि गैर-शिक्षक कर्मचारियों के लिए यह खेल प्रतियोगिताएं लगभग दो दशक बाद आयोजित की जा रही है। इसे लेकर सभी कर्मचारियों में उत्साह है। शुक्रवार को खेल प्रतियोगिता को लेकर बैठक की गई। इसमें खेल गतिविधियों में हिस्सा ले रहे टीमों के कप्तान व अन्य खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कुंटिया महासचिव अनिल लोहट ने बताया कि 400 गैर-शिक्षक कर्मचारी हिस्सा लेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.