नारनौल में 2 साल का बच्चा गायब:मां ने दूध पिलाकर कमरे में सुलाया था; रातभर सुराग नहीं, परिजनों ने लगाया जाम

नारनौल4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हरियाणा के नारनौल में थाना सदर के अंतर्गत आने वाले गांव सुराणा से एक 2 साल का बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। रातभर परिजन उसकी तलाश में लगे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बच्चा घर में एक कमरे में सो रहा था। दादी 15-20 मिनट के लिए घर से बाहर गई थी, लौटी तो पोता घर पर नहीं मिला। बच्चा नहीं मिलने पर मंगलवार सुबह परिजनों ने नेशनल हाईवे नंबर 11 पर जाम लगा दिया। पुलिस भी छानबीन कर रही है।

कमरे में सो रहा था बच्चा

सुराणा गांव के दयाराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है। उसके लड़के पंकज का 2 साल का बेटा है। बच्चे का नाम उन्होंने प्रति रखा हुआ है। बच्चे की मां दिपेश ने सोमवार दोपहर बाद बेटे को दूध पिलाकर अंदर कमरे में सुला दिया था। उस दौरान बच्चे की दादी दूसरे कमरे में थी।

बच्चे के परिजन NH 11 पर जाम लगाया।
बच्चे के परिजन NH 11 पर जाम लगाया।

कमरे में छोड़ गई थी दादी

बाद में दादी पोते को कमरे में छोड़कर कहीं बाहर चली गई थी। करीब 15 से 20 मिनट बाद वह वापस आई तो, उसे उसका पोता प्रति कहीं दिखाई नहीं दिया। बच्चे को घर में तलाश किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। दो साल का प्रति रहस्यमय परिस्थितियों में गायब हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

बच्चे के लापता होने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। उसे आस पड़ोस में भी तलाश किया गया, लेकिन बच्चे का कहीं भी सुराग नहीं मिला। बाद में बच्चे के गायब होने की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने देर रात मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार सुबह तक बच्चे के बारे में कोई सूचना नहीं मिल सकी थी।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

गांव सुराणा से गायब हुए बच्चे प्रति के 24 घंटे बाद भी नहीं मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साए परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव सुराणा के पास नेशनल हाईवे नंबर 11 पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों द्वारा सुबह करीब 11 बजे जाम लगाया गया।

एक घंटे बाद खोला जाम

जिसके चलते नेशनल हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम की सूचना पाकर पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया तथा जाम खुलवाने का प्रयास करने लगा। डीएसपी के आश्वासन के बाद परिजनों ने करीब एक घंटे बाद जाम को खोला।