हरियाणा में महेंद्रगढ़ के गांव खातोदड़ा में नशा तस्कर के खिलाफ जिला प्रशासन की अगुवाई में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने प्रशासन की मदद से सरकारी जमीन पर कब्जा करके अवैध रूप से बनाए गए घर को जमींदोज कर दिया है।
रविवार को पुलिस और प्रशासन ने पीला पंजा महेंद्रगढ़ के गांव खातोदड़ा में चलाया। नशा तस्कर मान सिंह की अवैध संपत्ति पर कार्रवाई की। आरोपी मान सिंह नशीले पदार्थों की तस्करी करता था। उस पर नशीले पदार्थों की तस्करी के 4 मामले दर्ज हैं।
पुलिस द्वारा आरोपी की संपत्ति की जांच की गई और उसकी जमीन की पैमाइश करवाई गई। जिससे पता लगा कि उसने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ था। जिसे पुलिस ने जिला प्रशासन की मदद से हटवा दिया है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को किसी भी आपराधिक तत्व की बेनामी संपत्ति के बारे में जानकारी है तो वह तुरंत अपने संबंधित थाना प्रबंधक को इसकी सूचना दें, उसका नाम गुप्त रखा जाएगा। इस अवसर पर एसडीएम वकील अहमद, एएसपी सिद्धार्थ जैन, सदर थाना व सिटी थाना एसएसओ सहित काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.