हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव अगिहार की एक लड़की की कपूरथला पंजाब में शादी की हुई थी। ससुराल वालों ने 6 महीना पहले उसकी हत्या कर दी थी। हत्या करने वाले सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पंजाब पुलिस की लापरवाही व ढीली कार्रवाई के विरोध में इलाके के गणमान्य लोगों ने सोमवार को गांव में महापंचायत की। प्रमुख समाजसेवी ठाकुर अतरलाल एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित महापंचायत में आसपास के गांव के गणमान्य पहुंचे।
महापंचायत में पीड़िता के पिता मुकेश कुमार ने बताया कि 21 मई 2022 को ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी बेटी अंबिका की हत्या कर दी। अंबिका बड़ी होनहार बेटी थी। वह रेलवे पुलिस में कार्यरत थी। घटना को लगभग 6 महीने से ऊपर हो गए हैं। परंतु, पुलिस ने केवल अंबिका के पति योगेश को गिरफ्तार किया है। बाकी सभी बाहर घूम रहे हैं। महापंचायत में पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर रोष व्यक्त किया गया।
FIR में दर्ज आरोपियों की जल्द हो गिरफ्तारी
ठाकुर अतरलाल एडवोकेट ने कहा कि पुलिस शेष बचे हुए आरोपियों को बचा रही है। महापंचायत में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास कर FIR में दर्ज आरोपी सोमबीर, संतोष देवी, श्यामसुंदर, सोनू देवी, महेंद्र सिंह, रिंकू तथा नरेश को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई।
29 नवंबर को सड़क पर प्रदर्शन करेंगे महेंद्रगढ़ के लोग
महापंचायत में एक अन्य प्रस्ताव पास किया गया कि 29 नवंबर को महेंद्रगढ़ में इलाके के लोग एकत्रित होकर सड़क पर प्रदर्शन करेंगे तथा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल के नाम का ज्ञापन जिला उपायुक्त को सौंपेंगे।
अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान की कोठी पर धरना-प्रदर्शन का अल्टीमेटम
महापंचायत में एल्टीमेटम दिया गया कि 7 दिन के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो पीड़ित परिवार तथा इलाके के गणमान्य लोग दिल्ली में मुख्यमंत्री केजरीवाल की कोठी पर तथा चंडीगढ़ में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की कोठी पर धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। इस अवसर पर महापंचायत में क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.