हरियाणा में रेसलर-WFI विवाद में आम आदमी पार्टी (AAP) ने अल्टीमेटम दिया है। आप नेता अनुराग ढांडा ने BJP सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रदेश के पहलवान खिलाड़ियों और जूनियर कोच मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई तो गृह मंत्री अमित शाह के हरियाणा दौरे का विरोध किया जाएगा। इससे पहले हरियाणा में जूनियर महिला कोच के साथ खेल मंत्री ने प्रताड़ना की थी।
अनुराग ढांडा ने कहा कि संदीप सिंह मामले में दबाव में जांच हो रही है। मुख्यमंत्री बोल रहे हैं कि आरोप अनर्गल हो सकते हैं। अब अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ियों ने फेडरेशन अध्यक्ष और अन्य कोचों पर ही प्रताड़ना और शोषण के आरोप लगाए हैं। हरियाणा की बेटियां जंतर मंतर पर बैठ कर न्याय की गुहार लगा रही हैं।
नेता पद छोड़ने को तैयार नहीं
अनुराग ढांडा ने कहा कि चौतरफा दबाव में मुख्यमंत्री खट्टर बोलते हैं हम खिलाड़ियों के साथ गलत नहीं होने देंगे। खिलाड़ियों के साथ हरियाणा में भी गलत हो रहा है, वहीं खिलाड़ियों के साथ कुश्ती संघ में भी गलत हो रहा है। दोनों जगह भाजपा के नेता पद छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में निष्पक्ष जांच कैसे होगी, जब आरोपी अपने पदों पर विराजमान रहेंगे।
मंत्री सही तो क्यों दिया 1 करोड़ का ऑफर
आप नेता ने मुख्यमंत्री खट्टर से सवाल करते हुए कहा कि अगर संदीप सिंह सही हैं तो जूनियर महिला कोच को 1 करोड़ रुपए क्यों ऑफर किया गया। दूसरा, महिला जूनियर कोच का ट्रांसफर वापस क्यों लिया गया। क्या मुख्यमंत्री खट्टर ने SIT महिला खिलाड़ी पर दबाव बनाने के लिए बनाई थी। अगर नहीं तो SIT की रिपोर्ट कब तक आएगी।
WWE रेसलर कविता का भी हमला
आप की वेस्ट जोन खेल संयोजक और WWE रेसलर कविता दलाल ने कहा कि जब ये खिलाड़ी ओलंपिक में मेडल जीत कर लाते हैं तो हर भारतवासी को गर्व होता है, लेकिन आज हर भारतवासी शर्मिंदा है। आखिर कब तक महिला खिलाड़ियों के साथ ऐसा होता रहेगा। उन्होंने खुद ऐसी परिस्थितियों का सामना किया है और इसकी वजह से उन्हें वेटलिफ्टिंग का खेल छोड़ कर WWE की राह चुननी पड़ी थी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.