हरियाणा कांग्रेस की संगठनात्मक ढांचे को लेकर 19 सितंबर को होने वाली बैठक एक दिन के लिए टल गई है। अब बैठक 20 सितंबर को 3 बजे चंडीगढ़ में होगी। बैठक के एजेंडे में कोई बदलाव नहीं किया गया है। PRO ताराचंद भगोरा की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में कांग्रेस के सभी विधायक और डेलिगेट्स मौजूद रहेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी बैठक में शामिल होंगे। बैठक में राज्य में संगठन को फिर से खड़ा करने को लेकर चर्चा होगी। चर्चा यह भी की जा रही है कि राज्य संगठन की सूची तैयार हो चुकी है। कुछ नामों पर अभी संशय बना हुआ है। 20 को होने वाली बैठक में नामों पर सहमति के बाद ही सूची सार्वजनिक की जाएगी।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव का दबाव
कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नजदीक है। इस चुनावी प्रक्रिया में हरियाणा कांग्रेस कमेटी के 180 डेलिगेट्स और 33 जिला अध्यक्ष हिस्सा लेंगे। इनके नामों की सूची पर भी 20 को होने वाली बैठक में अंतिम मुहर लगेगी।
9 साल से संगठन नहीं
हरियाणा में कांग्रेस के पास 9 साल से संगठन नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा संगठन नहीं बनाए जाने के लिए पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर और कुमारी सैलजा को जिम्मेदार ठहराते रहे हैं, जबकि यह दोनों नेता हुड्डा खेमे पर संगठन के गठन में बाधक बनने का आरोप लगाते रहे हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.