- Hindi News
- Local
- Haryana
- Haryana Corruption Cases | Vigilance Bureau Trap Operations Report
हरियाणा ACB ने इस साल का लेखा-जोखा किया जारी:भ्रष्टाचार के 239 केस, 200 ट्रैप और 375 चालान दाखिल; हिसार और गुरुग्राम में 50-50 मामले
- कॉपी लिंक

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) द्वारा भ्रष्टाचार के इस वर्ष कुल 239 मामले दर्ज किए हैं, जबकि रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ने के लिए 200 ट्रैप मामले दर्ज किए गए हैं। इस अवधि में 212 मुख्य चालान और 163 सप्लीमेंट्री चालान न्यायालयों में दाखिल किए जा चुके हैं।
200 ट्रैप मामलों में 171 इन ट्रैप और 29 आउट ट्रैप
इस बारे में जानकारी देते हुए एंट्री करप्शन ब्यूरो प्रमुख डॉ ए एस चावला ने बताया कि ब्यूरो द्वारा 1 जनवरी से 23 नवंबर 2026 तक कुल 200 ट्रैप मामले दर्ज किए गए, जिनमें 171 इन ट्रैप और 29 आउट ट्रैप मामले शामिल हैं। जिला स्तर पर गुरुग्राम में सर्वाधिक 41 ट्रैप मामले दर्ज किए गए। इसके अतिरिक्त हिसार में 39, रोहतक में 37, फरीदाबाद में 28, करनाल में 30, अंबाला में 18 और पंचकूला में 7 ट्रैप मामले दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों के माध्यम से ब्यूरो ने भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि रिश्वतखोरी के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
239 एफआईआर ‘हरसमय’ पोर्टल पर अपलोड
ब्यूरो ने इस वर्ष दर्ज किए गए सभी 239 मामलों की एफआईआर ‘हरसमय’ पोर्टल पर अपलोड की हैं। जिला स्तर पर गुरुग्राम और हिसार में 50-50 मामले दर्ज किए गए, जबकि रोहतक में 39, करनाल में 32, फरीदाबाद में 30, अंबाला में 21 और पंचकूला में 17 मामले दर्ज किए गए। 23 नवंबर 2026 तक ब्यूरो द्वारा कुल 212 मुख्य चालान तथा 163 सप्लीमेंट्री चालान न्यायालयों में दाखिल किए जा चुके हैं। इस प्रकार वर्ष के दौरान अब तक कुल 375 मुख्य एवं सप्लीमेंट्री चालान प्रस्तुत किए गए हैं।






















