आम आदमी पार्टी हरियाणा के कुरुक्षेत्र में 29 मई को होने वाली रैली के बाद नगर निकाय उम्मीदवारों की घोषणा करेगी। हरियाणा पार्टी प्रभारी सुशील गुप्ता ने मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। इस मौके पर पार्टी का नया गाना 'हरियाणा के लाल ने, एक मौका केजरीवाल ने' जारी किया।
गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में बिना टेंडर के विकास कार्य जारी किए जा रहे हैं। अभी तक सरकारों ने 75 साल से सभी पार्टियां राजा के बेटे को राजा बनाती आ रही हैं। अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी को सांसद और विधायक बनाना शुरू किया। भारत की जनता चाहती है कि देश में परिवर्तन आए। आम युवाओं को रोजगार, अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं चाहिए, जोकि आप उपलब्ध करवाएगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहली बार अपने मंत्री को कैबिनेट से हटाया था। दूसरा उदाहरण पंजाब के सीएम भगवंत मान ने डॉ सिंगला को हटाकर दिया। पंजाब ने भी दिखा दिया कि भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दूसरी पार्टियों की सरकारें अपने मंत्रियों को बचाती रही हैं।
पंचायती चुनाव सिंबल पर लड़ने का फैसला बाद में
सांसद ने कहा कि हरियाणा में निकाय चुनावों में जो उम्मीदवार उतारे जाएंगे, वे अपराधी नहीं होंगे और न ही भ्रष्टाचारी। जनता की सेवा करने की भावना मन में हो। मेयर और पार्षद के चुनाव पार्टी सिंबल पर लड़ेंगे। पंचायती चुनाव सिंबल पर लड़ने का फैसला पार्टी बाद में करेगी। पार्टी में कोई भी स्थायी अध्यक्ष नहीं होता। आज मुझे जिम्मेदारी दी गई है, कल किसी को मिल सकती है। इस मौके पर चित्रा सरवारा ने कहा कि निर्मल सिंह ने आत्मा के साथ पार्टी जॉइन की है। वे देश के पहले पूर्व विधायक है, जिन्होंने अपनी तीन पेंशन छोड़ी। इस मौके पर आप नेता अशोक तंवर और सिंगर केडी भी रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.