पानीपत में दुष्कर्मी को 20 साल कैद की सजा:पिस्टल की नोक पर किया था रेप, एक साल तक की दरिंदगी, गर्भपात भी कराया

पानीपत8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हरियाणा के पानीपत जिले की ASJ सुखप्रीत सिंह की फास्ट ट्रैक कोर्ट ने किशोरी से दुष्कर्म करने के दोषी को 20 साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषी पर 35 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। जुर्माना न देने पर 3 साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। वारदात अप्रैल 2018 की थी। दोषी ने करीब 1 साल तक किशोरी को कमरे में बंद रखा था और वहां उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया था। किशोरी के साथ गनप्वाइंट पर रेप किया। गर्भवती हुई तो उसका गर्भपात भी करा दिया।

पिता का एक्सीडेंट होने के बहाने घर से ले गया था किशोरी को
मॉडल टाउन थाना पुलिस को अगस्त 2019 को दी शिकायत में एक महिला ने बताया था कि वह असंध रोड की रहने वाली है। वह 4 बेटियों और 2 बेटों की मां है। जिसमें 5 बच्चे बालिग व शादीशुदा है। जबकि सबसे छोटी बेटी 13 साल की है।

9 अप्रैल 2018 को उसके पिता का देहांत हो गया था, जिसके चलते वह अपने घर उत्तर प्रदेश गई थी। घर पर उसकी 13 वर्षीय बेटी अपने पिता के साथ रह गई थी। 12 अप्रैल 2018 की रात करीब 10 बजे राजू नाम का शख्स आया, जो कि उनके घर पर अक्सर आया जाया करता था। उसने वहां आने के बाद 13 वर्षीय बेटी को कहा कि तेरे पापा का एक्सीडेंट हो गया है और तुझे बुलाया है। उसने किशोरी को भरोसे में लिया और अपने साथ एक गाड़ी में बैठा कर बिंझोल झाल के पास ले गया।

गाड़ी में दुष्कर्म करने के बाद कहे जातिसूचक शब्द

जहां पर सुरेश पुत्र सुबे सिंह निवासी अकालगढ़ जिला जींद पहले से ही मौजूद था। किशोरी ने पूछा कि उसके पिता कहां है, तो राजू ने उसका मुंह दबा लिया। सुरेश ने राजू को वहां से जाने के बारे में कहा। उसके जाने के बाद सुरेश किशोरी के साथ गलत हरकत करने लगा। वह चिल्लाने लगी तो उसका मुंह दबा लिया और गाड़ी के डैशबोर्ड से देसी पिस्तौल निकाल ली।

देसी पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि वह उसे मारकर नहर में डाल देगा और किसी को पता नहीं लगेगा। इतना कहने के बाद सुरेश ने किशोरी के साथ गाड़ी में जबरदस्ती दुष्कर्म किया और जाति सूचक शब्द कहे।

अपनी बहन के घर 1 साल तक किया दुष्कर्म

कुछ देर बाद उसने अपने चचेरे भाई राजू को भी मौके पर बुला लिया। दोनों उसे गाड़ी में बैठा कर अपनी बहन के घर ले गए। जहां उसने उसे घर में कैद कर दिया। अपनी बहन के घर भी सुरेश ने किशोरी के साथ गन पॉइंट पर दुष्कर्म किया। किशोरी को करीब 1 साल तक कमरे में ही बंद रखा और उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया गया।

इतना ही नहीं वह गर्भवती हुई तो उसका गर्भपात भी करवा दिया गया। दूसरी बार फिर गर्भवती हुई तो उसे गर्भपात नहीं करवाने दिया। 8 माह की गर्भवती किशोरी को 1 साल बाद सुरेश उसे उसके घर के बाहर छोड़कर धमकी देता हुआ फरार हो गया था।