पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
Install AppAds से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
पानीपत में भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस कार्यक्रम हंगामेदार रहा। प्रदेश अध्यक्ष का विरोध करने पहुंचे किसान और बाइक रैली निकाल रहे समर्थकों में तीखी झड़प हुई। किसानों ने भाजपा के झंडे नाले में फेंक दिए। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग-अलग किया। इसके बाद किसान समारोह स्थल के पास ही धरने पर बैठ गए। प्रदेश अध्यक्ष के जाने के बाद किसान सड़क से उठे। भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने झड़प के दौरान चाकू मारने का आरोप लगाया है।
6 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर पानीपत के सेक्टर 11-12 स्थित SDVM स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने की। वह करीब 3:30 बजे पानीपत पहुंचे।
प्रदेश अध्यक्ष के आने की सूचना पर भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसान भी काले झंडे लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंच गए। वहां पहले से तैनात पुलिस ने उन्हें स्कूल से कुछ पहले रोक लिया। समझाने के बाद भी किसान नहीं माने और कार्यक्रम स्थल पर जाने के लिए जोरआजमाइश की।
पुलिस ने किसानों को आगे नहीं बढ़ने दिया। इसके बाद किसान सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समर्थक के रूप में कुछ किसानों ने कार्यक्रम स्थल के गेट पर पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष के काफिले को काले झंडे दिखाए।
प्रदेश अध्यक्ष ने गिनाई पार्टी की उपलब्धियां
प्रदेश अध्यक्ष OP धनखड़ ने स्थापना दिवस पर पार्टी की उपलब्धियां गिनाई। उन्होंने जनसंघ से शुरू होकर भारतीय जनता पार्टी बनने तक की चुनौती, कठिनाई और कामयाबी का बखान किया। कहा कि कभी पार्टी को हम दो और हमारे दो की पार्टी कहा जाता था। कार्यकर्ताओं की मेहनत से आज भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है। पार्टी ने अनेक ऐसे काम किए हैं, जो पिछले 72 सालों में नहीं किए जा सके थे।
बाइक रैली पहुंची तो गर्म हो गया माहौल
प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचने के बाद भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की बाइक रैली सिवाह से चलने के बाद ड्रेन से होती हुई कार्यक्रम स्थल पहुंची। यहां पहले से धरने पर बैठे किसान रैली को देखते ही उग्र हो गए। दोनों एक-दूसरे की तरफ बढ़े तो पुलिस-प्रशासन के पसीने छूट गए।
दोनों पक्षों में जमकर धक्का-मुक्की और झड़प हुई। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से दोनों को एक-दूसरे से अलग किया। झड़प के बाद युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र आर्य ने चाकू मारने का आरोप लगाया। प्रदेश अध्यक्ष के जाने के बाद भाजपा के पदाधिकारी उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और मेडिकल कराया।
दो जिलों के पुलिस कप्तानों ने संभाली कमान
किसानों के विरोध के दौरान पानीपत SP शशांक कुमार सावन जिलेभर की फोर्स के साथ कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेड्स लगाकर रोके गए और पुलिस बल तैनात किया गया। युवा मोर्चा की बाइक रैली पहुंचने और माहौल गर्म होने के करीब 25 मिनट बाद करनाल के SP गंगाराम पूनिया भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और किसानों के जाने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।
पॉजिटिव- ग्रह स्थिति अनुकूल है। मित्रों का साथ और सहयोग आपकी हिम्मत और हौसले को और अधिक बढ़ाएगा। आप अपनी किसी कमजोरी पर भी काबू पाने में सक्षम रहेंगे। बातचीत के माध्यम से आप अपना काम भी निकलवा लेंगे। ...
Copyright © 2020-21 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.