हरियाणा में पानीपत जिले के कुटानी रोड स्थित फैक्ट्री में संदिग्ध परिस्थितियों में मालिक को गोली लग गई। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यालय के भीतर फैक्ट्री मालिक को खून से लथपथ हालत में देखा। उसके नजदीक ही पिस्टल भी पड़ी थी।
लोगों ने मामले की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम नंबर डायल 112 पर दी। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस, किला थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। खून से लथपथ हालत में फैक्ट्री मालिक को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पंचनामा भरवाकर शव गृह में रखवा दिया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है।
बुजुर्ग मां का इकलौता सहारा था अपूर्व
पुलिस के अनुसार सेक्टर 11 का निवासी अपूर्व जैन (31) कुटानी रोड गंदे नाले पर पिछले करीब पौने 2 वर्षों से मनोज टेक्सटाइल नाम से फैक्ट्री चला रहा था। सोमवार दोपहर 4 से 4:30 के बीच उसे संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी। डॉक्टरों के अनुसार अपूर्व को गोली कनपटी पर लगी है।
वहीं, पुलिस जांच में सामने आया कि जिस पिस्टल से उसे गोली लगी है वह देसी कट्टा है। हत्या और आत्महत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच में जुट गई है। मृतक की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी, उसकी डेढ़ साल की बेटी भी है। वहीं, मृतक की एक बहन भी है जो शादीशुदा है। मृतक के पिता का काफी समय पहले निधन हो चुका है। घर पर बुजुर्ग मां का अपूर्व इकलौता सहारा था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.