पानीपत में डेरा प्रेमियों का महासफाई अभियान:MLA प्रमोद विज-मेयर ने की राम रहीम से बात, 7 साल पहले शुरू की थी मुहिम

पानीपत4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों ने सोमवार को हरियाणा प्रदेश के प्रत्येक जिले में महासफाई अभियान चलाया। इसी को लेकर पानीपत जिले की साध संगत GT रोड स्काइलार्क के पास इकट्‌ठी हुई। यहीं से सफाई अभियान की शुरुआत की गई।

पानीपत में शहरी MLA प्रमोद विज, मेयर समेत कई पार्षदों और अन्य जन प्रतिनिधियों ने झाड़ू लगाकर सफाई अभियान में सहयोग किया। मेयर और MLA की वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम से बातचीत की और सफाई अभियान के लिए धन्यवाद किया।

पानीपत को 12 जोन में बांटकर अनुयायियों ने सुबह से शाम 4 बजे तक सफाई की। सफाई के दौरान एकत्रित किए गए कूड़े-कर्कट व गंदगी के ढेरों को भी श्रद्धालुओं ने प्रशासन के साथ मिलकर डंपिंग स्टेशनों तक पहुंचाया। इसके अलावा सेवादारों ने लोगों को सफाई के प्रति जागरूक करते हुए स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।

हो पृथ्वी साफ, मिटे रोग अभिशाप की है मुहिम
जानकारी देते हुए जिला कमेटी के सदस्य राहुल इन्सां ने बताया कि डेरा सच्चा सौदा सिरसा द्वारा 147 मानवता भलाई के कार्य किए जा रहे हैं। उसी में से एक कार्य 'हो पृथ्वी साफ मिटे रोग अभिशाप' के तहत पानीपत में गुरमीत राम रहीम के आदेशानुसार सफाई अभियान चलाया गया।

1 सितंबर 2015 को चलाया था पानीपत में महासफाई अभियान
डेरा सच्चा सौदा की तरफ से 1 सितंबर 2015 को पानीपत में महासफाई अभियान चलाया गया था। सनौली रोड पर अभियान की शुरुआत गुरमीत राम रहीम ने झाड़ू लगा कर की थी। 4.29 लाख सेवादारों ने पानीपत को स्वच्छ बनाने के लिए शाम तक महासफाई अभियान चलाया था। दुबई से शिवाली इंसा व उसके पति विशाल भी महासफाई अभियान में शिरकत करने आए थे। सिंगापुर से गुरजीत इंसा ने भी पहली बार इस महा अभियान में सेवा दी थी।