हरियाणा के पानीपत जिले के सदर थाना क्षेत्र के गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता युवक का शव गोहाना स्थित लाठ-जोली नहर में मिला। युवक 20 मई को घर से निकला था। उसका शव सोमवार को गोहाना पुलिस को नहर में मिला। गोहाना पुलिस ने शव की पहचान के लिए पड़ोसी जिला पुलिस से भी फोटो शेयर की। इसके बाद मंगलवार को पानीपत पुलिस के साथ परिजन गोहाना पहुंचे और शव की शिनाख्त की। गोहाना सदर थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव पानीपत ले आए और यहां उसका अंतिम संस्कार किया।
दरअसल, युवक अपने बाप की करतूत का पता लगने से आहत था और वह शर्मसार होकर घर से निकल गया था। युवक के बाप ने अपनी ही 14 साल की नाबालिग बेटी से एक साल तक दुष्कर्म किया। इस बारे में बेटी ने मां को बताया था। मां ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी बाप के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी बाप है सलाखों के पीछे
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि वह थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह दो बेटे और एक बेटी की मां है। उसकी 14 साल की बेटी नौवीं कक्षा की छात्रा है, जोकि गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ती है। उसकी बेटी ने मां को बताया कि उसका पिता पिछले 1 साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा है।
पिता ने 15 मई 2022 की रात को भी बेटी से दुष्कर्म किया। बेटी ने विरोध किया तो पिता ने धमकी दी की अगर वह इस बारे में किसी को कुछ बताएगी तो वह आत्महत्या कर लेगा। इतना ही नहीं, उसने बेटी को भी जान से मारने की धमकी दी है। बेटी ने हिम्मत कर मां को दरिंदगी के बारे में 20 मई को बताया। मां ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी बाप के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.