हरियाणा के पानीपत शहर के गांव डाडौला में दहेज के लिए शादी के 8 साल बाद महिला की हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपी ससुराली घर से महिला के दोनों बेटों को लेकर फरार हो गए। मायका पक्ष ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर IPC की धारा 302 व 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में महिला प्रवेश ने बताया कि वह जिला शामली, यूपी की रहने वाली है। उसकी बड़ी बेटी दीपा(28) की शादी पानीपत के गांव डाडोला निवासी राजेश के साथ 7 जुलाई 2014 को हुई थी।
दीपा दो बेटों की मां थी। शादी के बाद से ही ससुराल जन उस पर दहेज में रुपए और बाइक की मांग को लेकर अत्याचार करते थे। उससे अक्सर झगड़ा करते थे। शादी के कुछ दिनों बाद ही पति राजेश, सास कमलेश और देवर कपिल ने उससे मारपीट की और उससे घर से निकाल दिया।
कई बार पंचायत भी हुई, मगर ससुराली हर बार आश्वसन देकर ले जाते थे। करीब पांच माह पहले फिर से ससुरालियों से उससे मारपीट की और दहेज की मांग के लिए उसे घर से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद वह करीब चार माह तक मायका ही रही।
8 सितंबर की दोपहर करीब 1 बजे राजेश ने फोन कर बताया कि आपकी लड़की की मौत हो गई है। इतना कहने के बाद उसने अपना मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर दिया। इसके बाद वे अपने परिवार समेत पानीपत पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद देखा कि ससुराली उसके अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। मायका पक्ष वालों को देखकर आरोपी ससुराली दीपा के दोनों बेटों को वहां से अपने साथ लेकर फरार हो गए।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.