पानीपत में MLA ऑफिस का घेराव:राशन कार्ड से नाम कटने पर पहुंची कांग्रेस महिला विंग; विज बोले- मैं बाहर जाकर नहीं मिलूंगा

पानीपत4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हरियाणा के पानीपत में कांग्रेस महिला विंग ने शहरी MLA प्रमोद विज के ऑफिस का घेराव किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि पिछले कई दिनों से राशन कार्ड लिस्ट से लोगों के नाम काटे गए हैं। इसके लिए सरकार की ओर से नए सिरे से कुछ नियम लागू किए गए हैं। इन नियमों के अनुसार भी जो पात्र जरूरतमंद है, उन्हें अपने नाम फिर से जुड़वाने के लिए एड़ी-चोटी तक का जोर लगाना पड़ रहा है। बावजूद इसके उनके नाम नहीं जुड़ रहे हैं।

पूर्व अध्यक्ष टीम के साथ MLA ऑफिस पहुंची
कांग्रेस की जिला महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष नीरजा बाहरी ने बताया कि दोपहर 12 बजे यह प्रदर्शन किया गया। वे अपनी टीम के साथ MLA ऑफिस के बाहर पहुंची। साथ ही यहां सरकार की विफलताओं के प्रति भी रोष व्यक्त किया गया। रोष स्वरूप यहां कांग्रेस की ओर से साथ में आए जरूरतमंद पात्रों को राशन भी बांटा गया।

MLA बोले- जिसे दिक्कत है, दफ्तर के अंदर आए
MLA प्रमोद विज से जब इस बारे में पूछा गया कि बाहर कांग्रेसी और जरूरतमंद लोग आए हैं। वे आपसे मिलने की जिद पर अड़े हैं। क्या आप उनकी बात सुनेंगे? इस पर विधायक ने हमेशा की तरह जवाब दिया कि मैं बाहर नहीं जाऊंगा।

जिसे दिक्कत है वह मुझसे मेरे ऑफिस के भीतर ही आकर मिले। जिसका भी राशन कार्ड से नाम कटा है, उनके दस्तावेज वेरीफाई किए जाएंगे। जो जरूरतमंद होंगे, उनके नाम फिर से जोड़ने के लिए अधिकारियों को कहा जाएगा।