करवाचौथ पर महिला की हत्या का मामला:पानीपत पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार; चाकू बरामद कर भेजा जेल

पानीपत8 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी विनोद। - Dainik Bhaskar
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी विनोद।

हरियाणा के पानीपत शहर के सेक्टर 29 पार्ट 2 में विश्वकर्मा चौक पर दिन-दिहाड़े चाकू से गोद कर महिला की हत्या करने के मामले में आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने करवाचौथ के दिन वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी की पहचान विनोद मूल निवासी आथर बक्सर, बिहार व हाल निवासी नांगलखेड़ी के रूप में हुई है। CIA-2 पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद कर उसे कोर्ट में पेश किया और न्यायिक हिरासत में जेल भेज गया।​​​​​​

CIA-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। आरोपी पुलिस पकड़ से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम को बुधवार शाम आरोपी विनोद के नांगलखेड़ी रणबीर कॉलोनी में घूमने के बारे में गुप्त सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दे आरोपी को काबू किया।

पूजा (फाइल फोटो)।
पूजा (फाइल फोटो)।

यह दी थी महिला के पति ने पुलिस को शिकायत
सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में राजीव ने बताया कि वह मूल रूप से गांव हुसैनीचक, जिला सेकपुरा, बिहार का रहने वाला है। वह पिछले करीब 8-9 साल से पानीपत के गांव नांगलखेड़ी में रहता है। वह दिहाड़ी-मजदूरी करता है। वह शादीशुदा है व उसके तीन बच्चे हैं।

उसकी पत्नी पवन देवी उर्फ पूजा (26) पिछले करीब 3 माह से सेक्टर 29 पार्ट टू की फैक्टरी नंबर 196 में सीन टैक्स में मेहनत मजदूरी का काम करती थी। 13 अक्टूबर की सुबह उसकी पत्नी फैक्टरी में काम करने के लिए गई थी। दोपहर बाद पति को सूचना मिली की उसकी पत्नी को किसी ने चाकू ने मार दिया है।

जिस सूचना पर वह तुरंत पानीपत सिविल अस्पताल पहुंचा। जहां उसकी पत्नी ने घायल अवस्था में बताया था कि उसे उनके पड़ोसी विनोद पुत्र श्याम गुप्ता गांव आथर जिला बाक्सर, बिहार व हाल किरायेदार गांव नांगल खेड़ी ने चाकू मारा है। विनोद उनके कमरे के सामने ही रहता है।

काफी दिन पहले विनोद की पूजा के साथ कहासुनी हुई थी। कहासुनी के दौरान पूजा ने विनोद को धमका दिया था। उस दौरान विनोद ने पूजा को देख लेने की धमकी दी थी। कुछ दिन बाद दोनों के बीच फिर से बोलचाल शुरू हो गई थी। मगर विनोद रंजिश पाले हुए थे। इसी रंजिश के चलते उसने पूजा को चाकू मारा, जिससे उसकी मौत हो गई।

4 हजार रुपए के विवाद में हुई थी कहासुनी
राजीव ने बताया कि उन्होंने आरोपी विनोद को कई माह पहले 4 हजार रुपए उधार दिए थे। वह रुपए नहीं चुका रहा था। इसी विवाद में करीब 2 माह पहले उससे कहासुनी हो गई थी। कहासुनी के दौरान पूजा ने उसे धमका दिया था। हालांकि कुछ दिनों बाद उससे बातचीत होनी शुरु हो गई थी। मगर रुपए नहीं लौटाए थे। उस समय की हुई कहासुनी की विनोद रंजिश पाले हुए था।