हरियाणा के पानीपत में सोनीपत के रहने वाले घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। व्यक्ति बीती 18 अक्टूबर को घर में 12 फीट ऊंचे जाल से नीचे गिर गया था। तब से वह पानीपत के अस्पताल में उपचाराधीन था। गुरुवार को मौत के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने के बाद सोनीपत पुलिस पानीपत पहुंची। यहां परिजनों के बयानों के आधार पर CRPC की धारा 174 के तहत इत्तेफाकिया कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया।
नीचे गिरने के बाद लगी सिर पर चोट
जानकारी देते हुए अनिल कुमार ने बताया कि वह सोनीपत के मॉडल टाउन का रहने वाला है। उसका भाई आनंद (43) 18 अक्टूबर की शाम को अपने निर्माणाधीन मकान में चल रहे हार्डवेयर के काम को करवा रहा था। घर में और भी मजदूर लगे हुए थे।
घर की छत पर लगे जाल को खोला हुआ था। इसी जाल के पास वह काम करवा रहा था। अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में वह जाल से नीचे गिर गया। नीचे गिरने के बाद उसके सिर पर चोट लग गई।
न्यूरो सर्जन डॉक्टर की जरुरत के चलते उसे पानीपत के टोल प्लाजा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना सोनीपत पुलिस को दी गई।
चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था मृतक
मृतक 14 वर्षीय बेटे का पिता था। LIC का एजेंट था। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। सबसे बड़ा भाई कृष्ण गोपाल मोबाइल बेचने का काम करता है। आनंद से छोटा भाई अनिल कुमार दिल्ली की एक निजी कंपनी में इंजीनियर है। सबसे छोटा भाई संतराज है, जोकि जिंदल यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर था।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.