हरियाणा के बहादुरगढ़ शहर में बुधवार की दोपहर एक कंपनी में मीथेन गैस का रिसाव होने से 4 श्रमिकों की मौत हो गई है। हादसा उस वक्त हुआ, जब कर्मचारी कंपनी के वेस्ट टैंक की सफाई करने में जुटे थे।
बहादुरगढ़ के गांव रोहद स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में एयरोफ्लेस सीलिंग मटेरियल मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है। कंपनी में इंजन की गैस किट बनाई जाती है। यहां सफाई के लिए कई वेस्ट टैंक बनाए गए हैं। बुधवार की दोपहर कुछ कर्मचारी वेस्ट टैंक की सफाई में जुटे थे। इसी दौरान गैस लीक हो गई और उसकी चपेट में 6 कर्मचारी आ गए। कंपनी दिल्ली के पटेल नगर निवासी हितेश की है।
खबर में आगे बढ़ने से पहले पोल में अपनी राय दे दें...
गैस के संपर्क में आते ही अचेत होकर गिर गए मजदूर
जैसे ही गैस लीक हुई कर्मचारी अचेत होकर गिरने लगे। कर्मचारियों को बहादुरगढ़ के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन तब तक 4 श्रमिकों की मौत हो चुकी है। दो की हालत अब भी गंभीर है। मरने वालों में UP के तिहार निवासी राजबीर, नवाबगंज के अजय कुमार, शाहजहांपुर के जगतपाल और बाराबंकी के प्रकाश शामिल हैं। UP के ही मयंक और विकास की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों ICU में हैं।
सूचना के बाद झज्जर के डीसी शक्ति सिंह और एसपी वसीम अकरम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इंडस्ट्रियल सेफ्टी अधिकारियों ने श्रमिकों की मौत का कारण मीथेन गैस बताया है। फैक्ट्री के वेस्ट टैंक की सफाई पिछले लंबे समय से नहीं हुई थी। गंदगी काफी समय से जमा होने के कारण वहां पर मीथेन गैस बन गई थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के लिए प्रशासनिक स्तर पर भी एक टीम बनाई गई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.