हरियाणा के रेवाड़ी जिले से कांग्रेस MLA चिरंजीव राव ने बिहार में हुए राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। चिरंजीव राव बोले कि प्रकृति का नियम है, जो बोओगे वही काटोगे। भाजपा ने बिहार के पिछले 2020 के विधानसभा चुनाव के परिणामों के साथ छेड़छाड़ की थी। वरना भाजपा की तो उस वक्त भी सरकार नहीं बननी थी। उस समय RJD और कांग्रेस की ही सरकार बननी थी। चिरंजीव राव ने एक ट्वीट भी किया, जिसमें उन्होंने अपने ससुर लालू यादव को किंगमेकर दिखाया।
सरकार गिराकर सरकार बनाना भाजपा की पुरानी आदत
बता दें कि विधायक चिरंजीव राव की शादी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की छोटी बेटी अनुष्का राव से हुई है। चिरंजीव राव ने कहा कि जिस तरह से भाजपा अन्य राज्यों में दूसरी पार्टियों की सरकार गिरा करके अपनी सरकार बनाती है, यह उसी का फल उनको मिल रहा है। बिहार में अब महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। महागठबंधन बिहार को स्थायी सरकार देगा।
बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने पर विधायक चिरंजीव राव ने अपने साले तेजस्वी यादव, नीतीश कुमार और कांग्रेस के विधायकों को शुभकामनाएं दी है। वहीं दूसरी तरफ लालू के समधी और चिरंजीव के पिता पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने भी भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह तो होना ही था। चूंकि भाजपा अपने सहयोगियों को ही नहीं बख्श रही। नीतीश कुमार और तेजस्वी को नई पारी की शुभकामनाएं।
भाजपा धर्म के नाम पर बांट रही
चिरंजीव राव ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन भाजपा धर्म के नाम पर देश को बांटने में लगी हुई है। इसलिए जनता का भाजपा से मोह भंग हो चुका है और भाजपा की उल्टी गिनती बिहार से शुरू हो चुकी है। अब जनता आगे भी आने वाले प्रदेश और देश के चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का काम करेगी।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.