हरियाणा में बहादुरगढ़ के गांव टांडाहेड़ी में चोरों ने एक घर में लाखों रुपए की चोरी की। चोर घर से गहने और अन्य सामान ले गए। बुजुर्ग महिला की नींद खुली तो चोर मौके से फरार हो गए। सदर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव टांडाहेड़ी निवासी निलेश ने बताया कि रात में उनके परिवार के सभी लोग घर में सोए हुए थे। एक कमरे में वह खुद और दूसरे कमरे में उनकी मां राजरानी और भाभी समीता सोई हुई थी। आधी रात 2 बजे उनकी मां को 2 नौजवान लड़के मुंह पर कपड़ा बांधे घर के आंगन में खडे़ दिखाए दिए।
नकाब पहने 5 चोर घर में दाखिल हुए
राजरानी ने चोर को देखते ही शोर मचा दिया। इस दौरान निलेश की आंख भी खुल गई। वह उठकर बाहर आ गया तो दोनों लड़के घर से भागने लगे। परिवार के सदस्यों ने उनका पीछा किया तो 3 लड़के और उनकी छत से कूदकर भाग गए। इसके बाद परिवार ने घर को चैक किया।
लाखों के गहने गायब मिले
घर को चैक किया तो एक कमरे का कुंदा कटा हुआ मिला। कमरे का सारा सामान चैक किया तो कपडे़ बिखरे मिले व संदूक खुली हुई थी। संदूक का सामान चैक करने पर एक सोने की चैन, 2 जोड़ी सोने के कानों के टॉप्स, 2 जोड़ी सोने की पुरुष की अंगूठी, एक अंगूठी सोने की महिला की, 2 जोड़ी पजेब चांदी की, एक जोड़ी चुटकी चांदी, 2 जोड़ी अंगूठी चांदी, एक घड़ी गायब मिली।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
निलेश ने चोरी की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना के बाद सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह फोरेंसिक टीम भी घर में पहुंची। पुलिस ने जांच के बाद मौके से फिंगर प्रिंट भी लिए है। साथ ही केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच कर रही है, जिससे चोरों का पता लगाया जा सके।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.