हरियाणा के रोहतक के महम विधायक बलराज कुंडू पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शमशेर खरकड़ा ने चुटकी ली है। कुंडू के भाई की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने MLA पर भी भ्रष्टाचार व धोखाधड़ी में संलिप्त होने के आरोप लगाए। साथ ही कहा कि विधायक जल्द ही जेल जाएंगे। वहीं महम ASP व MLA के बीच चल रहे विवाद में भी शमशेर खरकड़ा कूद पड़े हैं।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शमशेर खरकड़ा ने पत्रकार वार्ता में महम विधायक बलराज कुंडू को नादान बच्चा बताया। कहा कि विधायक के साथ रहने वाले व्यक्तियों का जनता ने फैसला कर दिया। उन्हें आईना दिखाते हुए सभी को हराने का काम किया। कोई भी समर्थन चुनाव में जीतकर नहीं आया।
विधायक पर भ्रष्टाचार के आरोप
उन्होंने विधायक पर आरोप लगाया कि वे धोखाधड़ी व भ्रष्टाचार से लिप्त रहे हैं। आज वे ईमानदारी की बात कर रहे हैं, जो पहले खुद ईमानदार नहीं रहे। कटाक्ष करते हुए कहा कि छाज तो बोले, छालनी क्या बोले। इसलिए विधायक को खुद के गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए, ताकि असलियत का पता लगे।
विधायक होंगे गिरफ्तार
शमशेर खरकड़ा ने कहा कि विधायक व उसके भाई के खिलाफ मध्यप्रदेश के सागर जिले में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। विधायक के भाई शिवराज को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब नंबर विधायक का है। विधायक अपने विधायकी की आड़ में इस तरह के अपराध को करते हैं।
ASP व MLA विवाद में कूदे
महम में सन्नी सुसाइड मामले में ASP व MLA के बीच हुए विवाद पर शमशेर खरकड़ा ने ASP के पक्ष में बोलते हुए कहा कि एएसपी हेमेंद्र मीना सच्चाई व ईमानदारी की मिसाल हैं। जो पूरा महम इस बात को जानता है। इस मामले में भी विधायक जेल में जाएंगे। जिस पर चुटकी लेते हुए शमशेर खरकड़ा ने कहा कि जेल में जाकर जेल के किचन का हिसाब पूछना, ना कि शमशेर के किचन का।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.