हरियाणा के रोहतक के संजय नगर में करीब दो सप्ताह पहले हुए प्रिंस हत्याकांड में न्याय के लिए मां-बाप अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। बुधवार को जब मृतक प्रिंस की मां रीना न्याय मांगने लगी तो वह अपने आप को नहीं रोक पड़ी और बिलख पड़ी। नम आंखों से उन्होंने कहा कि दोषियों को फांसी हो। जिन्होंने बेटे की आंखों के सामने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। आरोप है कि पुलिस नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही।
रीना ने कहा कि उसका बेटा प्रिंस अब भी उसके सपने में आता है। सपने में आकर प्रिंस अपने लिए न्याय की मांग करता है। बिलखते हुए रीना देवी ने कहा कि पुलिस अभी तक नामजद आरोपियों को भी गिरफ्तार नहीं कर पाई। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि उन्होंने मां-बाप के सामने ही प्रिंस का गली में चाकू मारकर मर्डर किया था। बुधवार को वह एसपी से मिलने पहुंची। पत्रकारों से बातचीत में अपने आंसू नहीं रोक पाई।
बेटे को बचाएं या वीडियो बनाएं
प्रिंस के पिता विक्रम ने कहा कि वह बेटे को न्याय दिलाने व आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस के चक्कर काट रहा है। जब पुलिस के पास जाते हैं तो उनका कहना होता है कि घटना के समय की CCTV फुटेज, मोबाइल की वीडिया या अन्य रिकार्डिंग हो तो दे दो। इस पर विक्रम ने कहा कि जब बेटे को आरोपी चाकू मार रहे थे, उस समय बेटे को बचाएं या वीडियो बनाएं। उस दौरान बेटे को बचाने की प्राथमिकता थी। लेकिन अब वीडियो मांगी जा रही है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
प्रिंस हत्याकांड में पुलिस द्वारा अभी तक केवल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य चार-पांच आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से बाहर हैं। पुलिस द्वारा संजय नगर निवासी सावन, गोहाना अड्डा निवासी रमनिक व संजय नगर निवासी वरुण को गिरफ्तार किया गया है।
SP से लगाई न्याय की गुहार
प्रिंस हत्याकांड में खुलेआम घूम रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मृतक के मां-बाप व अन्य लोग SP से मिलने पहुंचे। सभी ने प्रिंस को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। साथ ही कहा कि सभी दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। साथ ही उन्हें सख्त से सख्त सजाई दिलाई जाए।
पहले भी अधिकारियों से लगा चुके गुहार
विक्रम सिंह ने बताया कि वह पहले भी इस मामले में न्याय के लिए अधिकारियों से मिल चुका है। एसपी ही नहीं गृह मंत्री अनिल विज से भी मुलाकात की थी। लेकिन इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। जिसके कारण परिवार वालों में रोष है। अभी भी कार्रवाई नहीं हुई तो वे सख्त कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे।
यह था मामला
मृतक प्रिंस के पिता विक्रम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि एक माह पहले हुए झगड़े की रंजिश में 8 नवंबर सांय बलराम स्कूटी पर सवार होकर अमन उर्फ लिंडी व रमणिक के साथ आया। उन्होंने प्रिंस को आवाज लगाई। प्रिंस आवाज सुनकर अपने घर के बाहर गेट पर आया तो उन्होंने धक्का देकर प्रिंस को बाहर ले गए। प्रिंस को गली में लेजाकर मां-बाप के सामने ही चाकूओं से हमला कर दिया। घायल ने रोहतक पीजीआइ में दम तोड़ दिया। जिसके आधार पर पुलिस ने भी हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.