हरियाणा के रोहतक में महिला से 94 हजार 965 रुपए की धोखाधड़ी की गई है। महिला ने ऑनलाइन खरीदे हुए जूतों को वापस करने के लिए गूगल पर हेल्पलाइन नंबर सर्च किया था। ठगों ने फोन में एनी डेस्क एप डाउनलोड करके उसके खाते से रुपए हड़प लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
रोहतक के शास्त्री नगर निवासी सुशीला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने अमेजोन से एक जोड़ी जूते मंगवाए थे। जूते पसंद नहीं आए तो वापस करने की सोची। इसलिए 5 दिसंबर को गूगल से अमेजोन का हेल्पलाइन नंबर निकाला। उस मोबाइल नंबर पर संपर्क किया और जूते वापस करने के लिए कहा।
एनी डेस्क एप डाउनलोड कराई
उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद सामने वाले का फोन आया और जूते वापस करने के लिए प्रक्रिया बताई। सुशीला फोन पर बताई की प्रक्रिया के अनुसार चलती रही। सामने वाले ने फोन में एनी डेस्क एप डाउनलोड करवा दी। साथ ही उससे SBI बैंक अकाउंट की जानकारी भी मांगी।
गूगल पे से ठगी
जूते वापस करने के लिए गूगल-पे खुलवाया और कहा कि 49989 डायल करें। जब उसके कहने अनुसार सुशीला ने 49989 डायल किया और आगे की प्रक्रिया भी पूरी की। जिसके बाद सामने वाले ने उससे 19989, 19989, 4998 भी डायल करवाया। उसके कहने अनुसार सभी अंक डायल करती गई।
94 हजार 965 रुपए ठगे
सुशीला ने कहा कि जब उसने अपना बैंक खाता संभाला तो खाते से कुल 94 हजार 965 रुपए कटे हुए पाए गए। जो कुल 4 ट्रांजेक्शन में (49989 रुपए, 19989 रुपए, 19989 रुपए व 4998 रुपए) कटे हैं। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.