शहर में सफाई का जिम्मा संभालने वाले 209 कर्मचारी आज से हड़ताल पर रहेंगे। जिससे लगातार तीन दिन कूड़ा नहीं उठेगा। नप प्रशासन अगर कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर पाया तो हर तरफ गंदगी का आलम होगा। वहीं अपनी मांगों के समर्थन में उतरे सफाई कर्मियों ने स्पष्ट कर दिया है कि हड़ताल के दौरान काम काज पूरी तरह ठप रखा जाएगा।
हालांकि घरों से गीला-सूखा कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां चलेंगी। इससे लोगों की मुश्किलें बढ़ेंगी। रोजाना शहर से 95 टन कूड़ा निकलता है। जिसका उठान थमने से हालात बिगड़ सकते हैं। रविवार को कर्मचारियों की छुट्टी होने के कारण शहर के 31 वार्डों, बाजारों व सड़कों की सफाई नहीं हो पाई। आज से सफाई कर्मियों की हड़ताल शुरू हो जाएगी। घरों से कूड़ा न उठने के कारण लोगों ने गलियों की नुक्कड़ व डंपिंग प्वाइंटों पर कूड़ा फैंकना शुरू कर दिया है। शहर में लगे कूड़े के ढेर पर बेसहारा पशु मंडराने लगे हैं। कूड़े से उठने वाली बदबू भी लोगों को परेशान करने लगी है।
पहले दिन छुट्टी के दौरान सफाई नहीं हो सकी। अब हड़ताल से हालात बिगड़ने लगे हैं। रानियां रोड, डाकखाना के पास, गोशाला रोड, बरनाला रोड, बस स्टैंड के समीप, अनाज मंडी रोड, जनता भवन रोड, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के सामने, कबीर चौक, बेगू रोड सहित अन्य जगहों पर कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए हैं। सबसे ज्यादा परेशानी डंपिंग प्वाइंट के आसपास है। जहां कूड़ा बाहर सड़कों तक बिखर गया है। नगर पालिका कर्मचारी संघ के इकाई प्रधान नरेश चौहान ने कहा कि दो दिवसीय हड़ताल के दौरान कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। मांगे मनवाने के लिए सभी कर्मचारी एकजुटता के साथ हड़ताल का समर्थन करेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.