चौ. देवीलाल गाेशाला खाजाखेड़ा में आम बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें निवर्तमान कार्यकारिणी के प्रधान संदीप जैन, उपप्रधान कृष्ण गुप्ता, सचिव कुंज बिहारी महीपाल व कोषाध्यक्ष गोपीचंद मोदी ने पिछले पांच वर्षों के दौरान सभी सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यकारिणी द्वारा इस दौरान किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने पिछली कार्यकारिणी द्वारा गोवंश की रक्षा एवं समाजहित में किए गए कार्यों की एकमत से प्रशंसा की।
तदुपरांत वर्ष 2022-2025 की नई कार्यकारिणी के चुनाव का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर संस्था के वरिष्ठ सदस्य डॉ. सुभाष नरूला ने संस्था के निष्ठावान सदस्य जोगिन्द्र नागपाल को नई कार्यकारिणी का प्रधान मनोनीत करने हेतु प्रस्ताव रखा, जिसे कुन्दन लाल नागपाल द्वारा अनुमोदित किया गया। इस दौरान अन्य किसी सदस्य का नाम न आने पर सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से एवं करतल ध्वनि से जोगिन्द्र नागपाल को चौ. देवीलाल गाेशाला का नया प्रधान बनाने का निर्णय लिया। नवनियुक्त प्रधान जोगिन्द्र नागपाल ने अपनी नियुक्ति पर संस्था के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए नई कार्यकारिणी के सहयोग से पूरी निष्ठा के साथ गोवंश के हित में काम करने का आश्वासन दिया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.