हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद में महिला जांच अधिकारी की शामत आ गई। डबवाली महिला थाने में दोनों पक्षों में सहमति बनाने के प्रयास में लड़की के पिता ने नाराज होकर ASI का गला पकड़ कर थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद अन्य ने भी लात घुसों से पुलिस अधिकारी की जमकर पिटाई की। शिकायत की कॉपी फाड़ दी गई। डॉक्टर के अनुसार घायल ASI को 3 ब्लंट चोटें लगी हैं। पुलिस ने 2 महिलाओं समेत 5 के खिलाफ मारपीट, ड्यूटी में बाधा डालने सरीखी कई धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस 12 घंटे बाद भी अपनों को पीटने वालों को नहीं पकड़ पाई।
यह था मामला
अबुबशहर निवासी निशा की शादी तलवन्डी साबो में बलविंद्र के साथ हुई है। पति के साथ विवाद के बाद वह मायके आ गई। उसकी बेटी बलविंद्र के पास है। निशा ने पुलिस को शिकायत दी कि पति उसके साथ मारपीट करता है और ससुराल के अन्य लोग भी प्रताड़ित कर रहे हैं। इस मामले में रविवार को दोनों पक्षों को सुनवाई के लिए महिला थाना में बुलाया गया था। निशा ने जांच अधिकारी महिला ASI से गुहार लगाई कि उसकी बेटी उसे दिलाई जाए। ASI ने इसको लेकर कोर्ट जाने को बोला तो आरोप है कि लड़की पक्ष के लोग भड़क गए और ASI के साथ मारपीट शुरू कर दी।
महिला थाने में हंगामा हुआ
40 वर्षीय महिला ASI ने बताया कि शिकायतकर्ता निशा के साथ उसका पिता सुरजीत, मां नीलम, चाचा राजा और बिचोलिया बलविन्द्र सिहं उर्फ बब्बी पहुंचे थे। दूसरी तरफ से निशा का पति बलविंद्र, उसका पिता लाभ सिंह, दादा नत्था सिंह और बंत सिंह थाने आए थे। सुनवाई के दौरान नाराज होकर निशा और इसके परिजन ऊंची आवाज में बात करने लगे। उसे कहा गया कि बड़ी आई थानेदारनी, हम तुझ़े अभी बताते हैं और यह कह कर हाथापाई शुरू कर दी।
लड़की के पिता ने महिला जांच अधिकारी का गला पकड़ लिया और मुंह पर थप्पड़ मारा। इसके बाद निशा, उसकी मां व अन्य ने भी मारपीट शुरू कर दी। एएसआई पर लात घूंसे बरसाए और शिकायत की कॉपी छीन कर फाड़ दी। साथ ही अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। वहां लउ़की पक्ष से पांच व्यक्ति थे ओर सभी महिला एएसआई पर टूट पड़े। वहां मौजूद साथी पुलिस कर्मी और अन्य ने उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़वाया।
सिरसा अस्पताल में किया गया रेफर
मारपीट में घायल महिला ASI को साथी पुलिस कर्मचारी डबवाली के अस्पताल में ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरसा अस्पताल भेजा गया। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसके MLR में 3 ब्लंट चोटें लगी बताई हैं। साथ ही सर्जन ओपीनियन भी लिखा है। बाद में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज
घायल महिला ASI की शिकायत पर मंडी डबवाली थाना शहर में निशा, उसका पिता सुरजीत, मां नीलम, चाचा राजा और बिचोलिया बलविन्द्र सिहं उर्फ बब्बी के खिलाफ धारा 323,186,189,332,353,506,509 IPC के तहत केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी ASI सुरजीत सिंह ने बताया कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। हमलावरों पर सरकारी डयूटी में बाधा डालने, महिला का अपमान करने, मारपीट, धमकी देने के आरोप लगे हैं। इन आरोपों के साबित होने पर उम्र कैद तक की सजा हो सकती है।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.