चार दिन पहले शहर की मुल्तानी कॉलोनी में रात को कमल गोयल के घर में घुसकर चाकू की नोक पर महिला से सोने के आभूषण लूटने वाले गिरोह का सीआईए थाना इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार की टीम ने खुलासा कर दिया है। यह वारदात चोरी के मास्टर माइंड बन चुके खैरपुर निवासी काकू उर्फ झोटा ने अपने दोस्त विक्की गोंडर निवासी प्रेमनगर और राजन निवासी सुभाष बस्ती के साथ मिलकर की थी। काकू उर्फ झोटा पेशेवर चोर है।
उसने 14 महीने चोरी के केस में सजा पुरी करके हाल ही में जेल से लौटे अपने दोस्त विक्की गोंडर के साथ मिलकर गिरोह बनाया था। विक्की गोंडर और झोटा दोनों रात को शहर में घूमतेे हैं और अपना मिशन पूरा करने के लिए बंद मकान की रेकी करते थे।
रात को पार्क, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड आदि में ही सो जाते हैं। परिजनों ने भी दोनों को दरकिनार कर रखा है। सीआईए पुलिस ने गिरोह में शामिल विक्की गोंडर और राजन को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे लूटे गए आभूषण भी बरामद कर लिए हैं। अब उनके मुखिया लीडर काकू उर्फ झोटा की तलाश की जा रही है।
सीआईए इंचार्ज प्रदीप कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी विक्की गोंडर का इतिहास भी चोरी का ही है। यह 14 महीने जेल में सजा पूरी करके बाहर आया है। इसने पहले करीब 7 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अब इनको रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
शादी वाले मकान को बंद देखकर लूट करने का बनाया प्लान
सीआईए इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी रात को चोरी के मिशन मेंे निकले हुए थे। वे बंद मकान ढूंढ रहे थे। जब मुल्तानी कॉलोनी में पहुंचे तो देखा शादी वाला घर है और बाहर से ताला लगा हुआ है। यानि परिवार शादी में गया हुआ है। इसलिए ताला तोड़कर अंदर घुस गए। जब अंदर अकेली महिला सोई मिली तो उसको चाकू दिखाकर डराया और उसके गहने उतरवा लिए और घर में रखे आभूषण भी उठा लिए।
चिट्टे की लत पूरी करने के लिए कर रहे वारदात
पुलिस पूछताछ में विक्की गोंडर ने बताया कि दोस्तों के मुताबिक उसकी शक्ल पंजाब के बदमाश विक्की गोंडर में मिलती है। इसलिए विक्की के आगे उसने भी गोंडर लगा लिया। वह खैरपुर के दोस्त झोटा के साथ मिलकर वारदात करता है और चिट्टे का नशा करता है। इस लत को पूरी करने के लिए वे चोरी और लूट की वारदात करते हैं।
बेटी की शादी करने बैंक्वेट हॉल में था गोयल परिवार
चार दिन पहले मुलतानी कालोनी में कमल गोयल की पुत्री का विवाह बांसल पैलेस में था। घर के सदस्य व मेहमान मैरिज पैलेस में थे। घर की रखवाली के लिए परिवार की ही एक महिला घर पर थी। शादी की वजह से घर सजा हुआ था। आधी रात में तीन लोग ताले तोड़कर घर में घुसे और महिला के गले पर चाकू लगा लूट की थी। वारदात को 34 मिनट में अंजाम दिया गया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.