नगर परिषद कार्यालय में मांगों को लेकर सफाई कर्मचारी दो दिन हड़ताल पर रहे। शहर में कूड़ा उठान कार्य नहीं हो सका। 31 वार्डों, बाजारों, चौक-चौराहों व सड़कों की सफाई नहीं हाे पाई। सड़कों व वार्डों में कचरा बिखरा रहा। दो दिन झाड़ू नहीं चलने से जगह-जगह कचरे के ढेर नजर आए।
वहीं सोमवार रात्रि को बरसात होने से मंगलवार को दिनभर बदबू का आलम रहा। कूड़ा उठान न होने व कचरा सड़कों पर फैला होने के कारण दुकानदार व लाेग नप प्रशासन को कोसते नजर आए। डंपिंग प्वाइंट के बाहर सड़कों पर कचरा बिखरने से हालात काफी बिगड़े।
इसके अलावा डोर-टू-डोर कचरा उठाने वाली गाड़ियों ने घरों से कूड़ा एकत्रित किया। लेकिन गलियों में सफाई नहीं हो सकी। नगर पालिका कर्मचारी संघ के बैनर तले 209 सफाई कर्मचारी नगर परिषद में एकत्रित हुए। मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कर्मचारियों ने ऐलान किया था कि उनकी मांगों को अगर सरकार ने पूरा नहीं किया तो हड़ताल अनिश्चितकालीन होगी। लेकिन नगर परिषद/नगर पालिका के चुनाव के चलते आचार संहिता लागू होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल प्रदेश कर्मचारी नेताओं के आह्वान पर टाल दी गई है। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर भास्कर टीम ने ग्राउंड रिपोर्ट की तो पता चला कि सफाई न होने से कचरे के ढेर लगे हुए हैं।
कचरे से उठती बदबू से स्कूल में बैठना मुश्किल
स्थान : अनाज मंडी समय : 11.40 बजे अनाज मंडी रोड स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने ही खुले में कूड़ा के ढेर नजर आए। कचरा में बरसाती पानी जमा होने पर बदबू का आलम था। आसपास के दुकानदारों का कहना था कि यहां पर लोगों ने कूड़ाघर बना रखा है।
हर समय कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। दो दिन से सफाई नहीं होने से बुरा हाल है। इसके अलावा आसपास के लोग भी यहां कूड़ा फेंकते हैं। ऐसे में गंदगी का माहौल रहता है। शिक्षा के मंदिर के पास सुबह-सुबह विद्यार्थियों को कचरे और उससे उठती बदबू का सामना करना पड़ता है।
सब्जी मंडी में बेसहारा पशुओं का जमावड़ा
स्थान : रानियां रोड समय : 12.20 बजे रानियां रोड पर गंदगी का आलम नजर आया। सड़क के साथ खुले में कचरा पड़ा मिला। सब्जी मंडी साथ होने के चलते रोड पर कई जगह कूड़े में सूअर और बेसहारा पशु मुंह मारते नजर आए। कचरे का उठान न होने से लोग परेशान दिखाई दिए। वहां पर मोहल्ला के लोगों सुरेश, रामू, जुगनू ने बताया कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि कई दिनों से कचरे का उठान नहीं हो पाया है। सब्जी मंडी साथ होने के कारण सारा दिन बेसहारा पशुओं का कूड़े पर जमघट लगा रहता है। शहर में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है।
बेगू रोड पर डंपिंग प्वॉइंट के बाहर बिखरा रहा कचरा
स्थान : बेगू रोड समय : 12.55 बजे बेगू रोड पर बने डंपिंग प्वाइंट के बाहर बने कचरा बिखरा पड़ा रहा। कर्मचारियों की हड़ताल से सड़कों पर भी छोटे-छोटे जगह-जगह कूड़े के ढेर नजर आए। सुबह दुकान पर आने के बाद दुकानदार सफाई करते हैं और खुले में कचरा फैंक रहे हैं। जिसके चलते सड़कों पर कचरा नजर आने लगा है।
इसके अलावा राजकीय गर्ल्ज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के समीप भी गंदगी के ढेर से छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। हालांकि कूड़ा उठान को लेकर कई बार दुकानदार नप कार्यालय में शिकायत भी कर चुके हैं।
ऑटो मार्केट और अनाज मंडी बन गई कचरे का मैदान
स्थान : जनता भवन रोड समय : 1.25 बजे जनता भवन रोड पर सफाई की अव्यवस्था नजर आई। वहीं जनता भवन ऑटो मार्केट में खुले में कचरा फैला हुआ मिला। यहां पर काफी मिस्त्रियों की दुकानें होने के कारण सड़क पर गंदगी का आलम दिखाई दिया। मिस्त्रियों द्वारा फैंके गए कचरे को खुले में फैंका गया है। जिसके चलते पूरी सड़क पर कचरा ही कचरा नजर आता है। वहीं अनाज मंडी रोड पर भी हालात बुरे ही दिखे। डिवाइडर के कॉर्नर पर लोगों न कूड़े के ढेर लगाए। आसपास के दुकानदारों ने बताया कि नगर परिषद कर्मचारी कभी-कभार यहां कूड़ा उठाने आते हैं। इस कारण पूरे क्षेत्र में गंदगी और बदबू का माहौल है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.