हरियाणा के सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में मतदान से 2 दिन पहले सरपंच प्रत्याशी दलबीर की गोली मार कर हत्या कर दी गई। जबकि बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। वह रात को वोट मांगने के बाद बेटे के साथ स्कूटी पर घर लौट रहा था। हमलावरों ने पीछे से सिर में गोली मारी। मृतक के भाई के अनुसार हमलावरों ने गोली मारने के बाद बहा कि - 'जाटां के गाम में सरपंच बनना है के मरना है'। मौके से गोलियों के 8 खोल और 4 कारतूस बरामद हुए हैं।
छिछड़ाना में गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। लोग घरों से बाहर निकले तो हमलावर भाग गए। एसपी हिमांशु गर्ग व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। मृतक के शव का खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम किया गया। एसपी हिमांशु गर्ग ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में 12-13 व्यक्तियों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। इसमें 12 के नाम लिखे गए हैं।
घटना गोहाना क्षेत्र के गांव छिछड़ाना में देर रात सामने आई। जानकारी के मुताबिक दलबीर (53) गांव से सरपंच पद का चुनाव लड़ रहा था। वह गुरुवार रात अपने बेटे राहुल के साथ स्कूटी पर सवार होकर गांव में प्रचार करने गया था। इसके बाद जब वह प्रचार करने के बाद अपने घर लौट रहे थे तो घर के पास ही घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी।
घायल बेटे ने परिजनों को बताया
बताया जा रहा कि हमलावरों ने करीब आठ फायर किए। इससे दोनों बाप-बेटा गंभीर घायल हो गए। गोली लगने के बाद राहुल चिल्लाते हुए अपने घर की तरफ भागा और परिजनों को बताा। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को खानपुर मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में लाए। यहां पर डॉक्टरों ने दलबीर को मृत घोषित कर दिया।
8 खोल और 4 कारतूस बरामद
वहीं बेटे का इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी हिमांशु गर्ग व डीएसपी मुकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मौके से 8 खोल और 4 कारतूस बरामद किए हैं। बताया जा रहा कि दलबीर को 4 से 5 गोली मारी गई हैं। वहीं उनके बेटे राहुल को भी एक या दो गोली लगी हैं।
4 उम्मीदवार मैदान में
जानकारी के मुताबिक गांव छिडड़ाना में इस बार 4 प्रत्याशी दलबीर समेत प्रवीन, रविंद्र और राजेश मैदान में थे। इनमें से 3 जहां सामान्य वर्ग है। वहीं दलबीर पिछड़े वर्ग से थे। दलबीर की हत्या से गांव में मातम छा गया है। घटना को लेकर कई कयास लगाए जा रहे हैं। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है या सरपंची को लेकर इस पर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
छिछड़ाना में मर्डर के बाद शेखपुरा में प्रत्याशी पर हमला; सरकारी शिक्षक पर FIR
हरियाणा के सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र के गांव शेखपुरा में सरपंच प्रत्याशी राजेंद्र पर हमला किया गया। राजेंद्र का आरोप है कि उस पर चाकू से वार किया गया, लेकिन पुलिस मारपीट की पुष्टि कर रही है, चाकूबाजी की नहीं। दूसरी तरफ गन्नौखंड के ही गांव अहीर माजरा में सरपंच का चुनाव लड़ रही पत्नी प्रियंका के पक्ष में चुनाव प्रचार करने पर राजकीय स्कूल के टीचर धर्मबीर पर केस दर्ज किया गया है। उसका वीडियो वायरल होने पर ये कार्रवाई हुई। पूरी खबर यहां पढ़ें
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.