हरियाणा के सोनीपत के गोहाना क्षेत्र के भैंसवान खुर्द में महिला ने पति के साथ ससुराल जाने से इनकार किया तो मायके में ही उसे बुरी तरह से पीटा। साथ ही रसोई से चाकू उठा कर शरीर पर कई जगह इसके वार किए। इससे पहले व्यक्ति ने अपने भाई को भी वहां बुला लिया। इसके बाद दोनों भाइयों की ससुराल जंग का अखाड़ा बन गई। पुलिस ने घायल महिला की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।
रोहतक के मदीना में ससुराल
बताया गया है कि भैंसवान खुर्द गांव की सीमा और इसकी बहन रीना की शादी रोहतक जिले के गांव मदीना (गिंधरान) के विकास और विजय जो कि सगे भाई हैं, के साथ हुई है। आरोप है कि शादी के बाद से ही दोनों बहनों के साथ ससुरालजन मारपीट करते आ रहे हैं। अब यह मारपीट उनके मायके भैंसवान तक पहुंच गई है।
दोनों की शादी एक घर में
सीमा ने थाना बरौदा पुलिस को बताया कि हम तीन बहनें और एक भाई है। करीब 13 साल पहले उसकी बहन रीना की शादी मदीना के विजय के साथ हुई थी। उनके पास एक लडका दीपांशु है। अब करीब 4 साल पहले उसकी (सीमा) की शादी विजय के छोटे भाई विकास के साथ हुई थी। उसके पास 2 साल का लड़का है। दोनों बहनों को हमारी ससुराल वाले मारते पीटते थे। इसी के चलते 8 जनवरी को उनको मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया।
फोन कर भाई को बुलाया
दोनों बहनें इसके बाद अपने मायके गांव भैंसवान खुर्द आ गई। उसने बताया कि बुधवार को उसका जेठ उसकी पत्नी रीना व अपने लड़के दीपांशु को लेने आया था। परिवार वालों ने उसे भेजने से मना कर दिया तो विजय ने अपने भाई विकास, जाे कि सीमा का पति है, को फोन करके बुला लिया। उसे कहा कि आजा ये नहीं मान रही हैं, इन्हें तो जान से मारना पडे़गा। फिर बुधवार सांय करीब 4 बजे उसका पति विकास भी घर पर आ गया।
रसाई में रखे चाकू से वार
सीमा का कहना है कि इसके बाद जेठ विजय और मेरे पति विकास दोनों मिलकर उसे और पूरे परिवार को मारना पीटना शुरू कर दिया। विकास ने घर में रसोई में रखे चाकू को उठा लिया और उसे जान से मारने की नीयत से उसकी गर्दन व हाथों पर चाकू से कई वार किये। मेरे जेठ विजय ने मुझ पर ईंट से वार किया और इससे सिर में चोट आई। दोनों बहनों को मायके में ही बुरी तरह पीटा गया।
परिवार वालों ने बचाई जान
सीमा ने बताया कि इसके बाद भाई संदीप, पिता ओमप्रकाश और आस पडोस के काका ताऊ ने बीच में घुस कर उसकी जान बचाई। अगर ये उसका बचाव ना करते तो मरना तय था। इसके बाद पति व जेठ उसे व परिवारवालों को जान से मारने की धमकी देकर उनके घर से चले गए। परिजनों ने बाद में सीमा को अस्पताल में दाखिल कराया।
दोनों पर FIR दर्ज
बरौदा थाने के SI सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने सीमा की शिकायत पर विजय और विकास के खिलाफ धारा 323,324,308,506,34 IPC के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.