चोरी के शक में पीट-पीटकर युवक की हत्या:सोनीपत में 'शैतान' बने चचेरे भाई; खंभे पर बांधकर रातभर बरसाए डंडे-लात-घूंसे, 7 पर FIR

सोनीपत10 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हरियाणा के सोनीपत में रूह कंपकपा देने वाली वारदात सामने आयी है। चोरी के शक में चचेरे भाइयों और कई अन्य युवकों ने टांडा गांव के अशोक उर्फ बिट्‌टू (20) को इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी मौत हो गई। युवक की पिटाई के कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिसमें जिसमें अशोक को कभी बिजली के खंभे से बांध कर, कभी मुंह के बल लेटा कर तो, किसी में उसकी टांगे उठाकर डंडों, लात घूंसों से पीटा जा रहा है।

7-8 युवकों ने रात को 4 से 5 घंटे तक उसे बंधक बना कर बड़ी बर्बरता से उस पर डंडों से प्रहार किए। थाना राई पुलिस ने उसके चाचा, चचेरे भाइयों समेत 7 जनों पर धारा 302, 148 व 149 के तहत केस दर्ज किया है। युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक के चाचा की दुकान को जला दिया।

ऐसी पिटाई कि कलेजा कांप जाए

दिल्ली से सटे सोनीपत के राई थाना क्षेत्र के गांव झुंडपुर-टांडा इंडस्ट्रियल एरिया में अशोक उर्फ बिट्‌टू के साथ रात को जो हुआ, वह वास्तव में शैतानों वाली हरकत थी। एक वीडियो में जमीन पर बैठे अशोक से पूछताछ हो रही है। ऐसे लगता है कि उस पर चोरी का शक है। कई युवक लाठियां लेकर उसके इर्द गिर्द खड़े हैं। बिट्टू पर बस इतना कहता है कि वह चाचा की दुकान पर मिक्सी लेने गया था।

दूसरे वीडियो में अशोक बिजली के खंभे से बंधा हुआ है और उस पर दे दना दन लाठियां बरस रही है। हर लाठी के वार से वह चीख़ता है, लेकिन पिटाई करने वालों पर उसका कुछ असर नहीं होता। एक वीडियो में युवक उसे हाथ पांव पकड़ कर उठाए हुए हैं और उसे बार बार जमीन पर पटक रहे हैं। इसी बीच उसे मुंह के बल जमीन पर लेटा कर बुरी तरह से डंडों से मारते हुए युवक दिखाई दे रहे हैं।

पिटाई की दो तस्वीरें- एक में पांव के तलवे पर लठ बरसाते और दूसरी में खंभे से बांध कर अशोक को पिटते हुए।
पिटाई की दो तस्वीरें- एक में पांव के तलवे पर लठ बरसाते और दूसरी में खंभे से बांध कर अशोक को पिटते हुए।

तीसरे वीडियो और भी दिल दहला देने वाला है। जमीन पड़े अशोक पर लाठियां बरस रही हैं। इस बीच एक युवक उसे कमर के बल उठाता है और अशोक को घूंसो और कोहनी मार कर पीटा जाता है। साथ ही एक युवक बॉक्सर की तरह उस पर मुक्के बरसाता है। एक युवक उसके पांव को ऊपर उठाए है और दूसरा पांव के तलवे पर डंडे से मारता है।

खंभे से बांध कर हुए फरार

बताते हैं कि चाचा सिकंदर की टांडा गांव के पास ही विमल पान फैक्ट्री के साथ चाय की दुकान है। अशोक को रात को इसी चाय की दुकान के साथ बिजली के खंभे से बांध कर बर्बरता से पीटा गया। 4 से 5 घंटे तक अपने ही उस पर जुल्म ढहाते रहे। उसके रोने और चीखों का 'शैतानों' पर कोई असर नहीं हुआ। बाद में वे उसे अधमरी हालत में खंभे पर ही बंधा हुआ छोड़कर चले गए। बाद में चाचा सिकंदर ने सुबह के समय उसे खंभे से खोला। तब वह लड़खड़ाता हुआ किसी तरह घर तक पहुंचा। वह परिजनों को अपने पर हुई ज्यादती सही ढंग से बता भी नहीं पाया कि उसे मौत खींच ने गई।

शैतानों के बीच में फंसा अशोक उर्फ बिट्‌टू।
शैतानों के बीच में फंसा अशोक उर्फ बिट्‌टू।

FIR में पिता ने यह बताया

गांव टांडा के सतपाल ने पुलिस में दर्ज FIR में कहा कि मेरे 4 लड़कों में सबसे छोटा बेटा अशोक उर्फ बिट्टू (20) मेहनत-मजदूरी का काम करता था और उसकी अभी शादी नहीं हुई। 19 अगस्त की शाम को वह अपने चाचा सिंकदर की चाय की दुकान पर जाने की कह कर गया था। अशोक रात को वापस घर नहीं आया। 20 अगस्त को सुबह 9 बजे वह हमारे घर के सामने वाली गली में लडखडाता, गिरता-पड़ता आता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद वह उसे सहारा देकर अपने घर ले आया।

अशोक की मौत के बाद बिलखती परिवार की महिलाएं।
अशोक की मौत के बाद बिलखती परिवार की महिलाएं।

इस बीच उसे पता चला बिट्टू उर्फ अशोक की पिटाई मेरे छोटे भाई सिंकदर की दुकान के सामने लगे बिजली के खंभे से बांध कर की गई है। जहां पर दीपक निवासी झुंडपुर भी मौके पर मौजूद था। बिट्टू के साथ मेरे भाई सिकंदर उसके लड़के सुरज, सावन व प्रवीण, प्रदीप, परमजीत और एक व्यक्ति अन्य ने मिलकर डंडों-बिट्टों और लात घूंसो से इतनी ज्यादा मार पीट की, जिसके कारण बिट्टू उर्फ अशोक की घर पर आने के बाद मृत्यु हो गई। मारपीट करते समय की वीडियो उपरोक्त व्यक्तियों में से किसी ने बनाई और हमारे गांव टांडा में एक दूसरे के पास भेजी। वीडियो उसने भी देखी है।

दुकान में लगाई आग

अशोक उर्फ बिट्‌टू को जिस बेरहमी से पीट पीटकर मारा गया, उससे ग्रामीण स्तब्ध हैं। अशोक की मौत के बाद ग्रामीण गुस्सा उठे और सिकंदर की चाय की दुकान (खोखा) को आग लगा दी। वारदात के बाद गांव में तनाव बढ़ गया। इस बीच डीएसपी विपिन कुमार, राई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया।

इन पर केस दर्ज, चाचा गिरफ्तार

राई थाना SHO देवेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता सतपाल के बयान पर चाचा सिकंदर, उसके लड़के सूरज, सावन, प्रवीण, प्रदीप, परमजीत और एक अन्य के खिलाफ हत्या के आरोप में धारा 3021, 149 व 149 IPC के तहत केस दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी SI नरेश कुमार ने बताया कि वह सूचना के बाद टांडा गांव में सतपाल के घर पहुंचा तो अशोक उर्फ बिट्‌टू का शव जमीन पर रखा था। शरीर पर चोट के निशान थे। FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने चाचा सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है।

खबरें और भी हैं...