जंपर ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़े एक कर्मचारी को करंट लग गया। इससे वह नीचे गिरकर घायल हो गया। साथी कर्मचारी ने उसे लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां वह उपचाराधीन है। एएलएम सतबीर सिंह ने बताया कि गुमथला फीडर पर गांव संधाली के समीप उन्हें एक ट्रांसफार्मर के जंपर ठीक करने थे।
वह अपने साथी कर्मचारी अरुण कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। जंपर रिपेयर करने के लिए उन्होंने पावर हाउस से परमिट लिया और अरुण जपंर ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ गया। जैसे ही अरुण जंपर ठीक करने लगा तो उसे करंट लगा। वह नीचे गिर गया। आसपास के लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। जेई मोहनलाल ने बताया कि अरुण के घायल होने की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। परमिट लेने के बाद भी तारों में करंट कैसे आया इस बारे फिलहाल जानकारी नहीं मिल पाई है। वह इस मामले की जांच करेंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.