हरियाणा के यमुनानगर में छछरौली के गांव गनौली में बुधवार देर शाम खेतों में काम कर रहे मजदूरों पर बाइक सवार 2 युवकों ने फायरिंग कर दी। इसमें गन्ने की छिलाई कर रहे 2 भाइयों को गोली लगी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां एक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना के बाद पुलिस की एक टीम जहां मौके पर पहुंची, वहीं दूसरी टीम ने अस्पताल पहुंच कर गोली लगने से घायल मजदूर के बयान लिए। पुलिस घटना की छानबीन में लगी है।
बताया गया है कि छछरौली के गांव गनौली के खेतों में 4 मजदूर गन्ने की छिलाई कर रहे थे। इसी बीच बाइक पर सवार होकर आए 2 बदमाशों ने 2 भाइयों पर फायरिंग कर दी। एक गोली इकबाल की बाजू में लगी तो वह मौके से भाग निकला। उसके भाई मुस्तकीम पर बदमाशों ने फायर किए तो वह मौके पर ही गिर गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को खून से लथपथ हालत में यमुनानगर के ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
डॉक्टरों ने मुस्तकीम को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की बाजू में गोली लगी होने के कारण उसका इलाज चल रहा है। परिजनों की माने तो यह विवाद जमीन को लेकर हुआ था। इसके पीछे एक विधायक के बेटे का हाथ है। पुलिस गोली चलाने वालों की तलाश कर रही है।
दो पर ही गोली क्यों चलाई
दो भाइयों को गोली मारने के मामले को जमीनी विवाद से जुड़ा बताया गया है। गन्ने की कटाई और छिलाई के दौरान बाइक सवार 2 युवकों ने दो भाइयों पर ही गोली क्यों चलाई। इसमें विधायक के बेटे का क्या रोल है, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच में लगी है। मृतक के शव को अस्पताल के शवगृह में रख दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.