चंबा के साहो वन बीट में अवैध कटान:लकड़ी तस्करों ने देवदार और तोष के 4 पेड़ काटे, विभाग ने नामजद कराई FIR

चंबा5 महीने पहले
  • कॉपी लिंक
वन विभाग द्वारा बरामद की गई इमारती लकड़ी। - Dainik Bhaskar
वन विभाग द्वारा बरामद की गई इमारती लकड़ी।

वन मंडल चंबा के दायरे में आने वाली साहो बीट में अवैध कटान होने का मामला सामने आया है। वन विभाग ने इस मामले में 4 लोगों के खिलाफ सदर पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। वन विभाग की शिकायत पर सदर पुलिस थाना चंबा की टीम ने उक्त जंगल जाकर मौका मुआयना किया। उसके आधार पर वन विभाग द्वारा नामजद कराए गए आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी।

लेकिन, पुलिस का प्रयास सफल नहीं रहा। अब पुलिस वन काटुओं को पकड़ने के लिए वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करेगी। वहीं, वन विभाग ने खेतों से इमारती लकड़ी को बरामद कर लिया है।

1 देवदार और 3 तोष के पेड़ कटे मिले
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले जब साहो बीट में संबंधित वन रक्षक नियमित गश्त कर रहा था तो उसे वहां पर देवदार के पेड़ का कटा हुआ ठूंठ मिला। उसने तुरंत उच्चाधिकारी को इसके बारे में जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन मंडलाधिकारी ने एक टीम गठित करके पूरे जंगल में छानबीन करने के आदेश दिए। इसके बाद विभागीय टीम ने पूरे जंगल को खंगाला।

DFO चंबा अरुण शर्मा।
DFO चंबा अरुण शर्मा।

इस दौरान टीम को चार पेड़ कटे हुए मिले। इसमें एक देवदार और तीन तोष के पेड़ हैं। इन पेड़ों को काटने वाले लोगों की पहचान भी वन विभाग ने कर ली है। उनके खिलाफ विभाग ने चंबा थाना में शिकायत दे दी है।

क्या कहते हैं DFO चंबा
DFO चंबा अमित शर्मा ने बताया कि साहो वन बीट में 4 पेड़ काटने का मामला सामने आया है। विभाग ने वन काटुओं की पहचान कर ली है। उनके खिलाफ पुलिस थाना में शिकायत दे दी है। जल्द ही वन काटू पुलिस की गिरफ्त में होंगे। सर्दियों में जंगलों की रखवाली के लिए विशेष प्रबंध विभाग की तरफ से किए गए हैं।