कामगार कल्याण बोर्ड लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है। शिक्षा क्षेत्र हो या फिर जरूरतमंद वस्तुएं प्राप्त करने की आवश्यकता, हर एक कमी को बोर्ड ने पूरा किया है। पंजीकृत कामगार कल्याण बोर्ड हिमाचल के साथ जुड़कर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकते हैं। शनिवार को चबूतरा में आयोजित कामगार कल्याण बोर्ड के एक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने यह बातें कहीं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में बैठकर जो योजना चलाते हैं, उसका सीधा लाभ देश और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को मिलता है। ऐसा अगर संभव हो पाया है तो इसका सारा श्रेय केंद्र की मोदी सरकार और प्रधानमंत्री को है।
जरूरतमंदों को वितरित किया सामान
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों परिवारों को इंडक्शन चूल्हा, महिला शक्ति को साइकिल और अन्य जरूरत का सामान वितरित किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री का कामगार कल्याण बोर्ड पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर, भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष तिलक राज शर्मा, सुजानपुर पंचायत समिति उपाध्यक्ष राजेश कुमार, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष कपिल मोहन समेत कई पंचायत प्रतिनिधि और लाभार्थी परिवार उपस्थित रहे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.