शिमला पहुंचे सुक्खू:वर्ल्ड बैंक के साथ मीटिंग में ले रहे भाग; शाम को फिर नादौन लौटेंगे, कल ऊना दौरा

हमीरपुर4 महीने पहले
  • कॉपी लिंक

हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आज दिनभर अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में रहने का कार्यक्रम था। उन्हें PWD रेस्ट हाउस में लोगों से मिलकर समस्याएं सुननी थी। इसके अलावा जो लोग पिछले रोज उनसे नहीं मिल पाए थे, उन्हें भी आज बुलाया गया था। मगर, दोपहर बाद वह अचानक हेलीकॉप्टर से शिमला रवाना हुए और वर्ल्ड बैंक की मीटिंग में शामिल हुए।

वर्ल्ड बैंक की मीटिंग अटैंड करने के बाद CM सुक्खू आज शाम तक दोबारा नादौन लौटेंगे। मंगलवार को उनका पहले ऊना का दौरा है। उसके बाद ऊना में एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के बाद दिल्ली चले जाएंगे।

इससे पहले आज मुख्यमंत्री ज्वालामुखी मंदिर में माथा टेकने पहुचे। उसके बाद जैसे ही नादौन के रेस्ट हाउस पहुंचे। कुछ लोगों से मिले और अचानक ही उनका प्रोग्राम शिमला जाने का बना।

हमीरपुर से लेकर नादौन तक हुआ स्वागत
याद रहे रविवार को हमीरपुर से लेकर नादौन तक उनका जोरदार स्वागत हुआ था। इस दौरान जगह-जगह पर स्वागत करने के लिए समर्थकों का हुजूम उमड़ा था। जिस कारण नादौन की जनसभा में वे तकरीबन 5 घंटे देरी से पहुंचे थे। नादौन के लोगों से भी वे इसी वजह से समय के अभाव के चलते मिल नहीं पाए थे। उन्हें सुक्खू ने यही कहा था कि सोमवार को दिन भर वह उनसे मिलेंगे।

2 दिन नादौन में बिताने के लिए आए
मुख्यमंत्री सरकार के गठन के बाद पहली मर्तबा नादौन पहुंचे हैं। इसलिए हमीरपुर जिला के तीन दिवसीय दौरे के दौरान 2 दिन नादौन में ही बिताने के लिए वे यहां आए हैं। क्षेत्रवासियों से भी उन्होंने बीते रोज जनसभा में यह साफ कह दिया था कि उनके द्वारा लगाया गया पौधा 20 साल बाद अब फल देने लायक हो गया है। 1 साल के भीतर इसका एहसास लोगों को होना शुरू हो जाएगा।

सुक्खू अभी अपने पैतृक गांव नहीं गए हैं। आज शाम को वह वहां जा सकते हैं। वह आज ही अपने रिश्तेदारों, आस पड़ोसियों और परिजनों से भी मुकम्मल तौर पर मिलेंगे।