हिमाचल के जिला हमीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि हरेक कार्यकर्ता की मेहनत चुनाव मैदान में उतरने वाले उम्मीदवार की जीत का कारण बनती है। उस उम्मीदवार का भाग्य उदय करती है। इसलिए कार्यकर्ता और संगठन हमेशा सर्वोपरि रहे हैं,और सर्वोपरि रहने भी चाहिए। धूमल मंगलवार को भाजपा मंडल सुजानपुर की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
बैठक में सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रंजीत राणा भी मौजूद रहे। इससे पहले बैठक स्थल पर पहुंचे मुख्य अतिथि पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं भाजपा प्रत्याशी कैप्टन रंजीत राणा का भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों सहित बूथ अध्यक्ष सेक्टर प्रभारियों विभिन्न मोर्चा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बैठक में विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 104 बूथों को लेकर समीक्षा बैठक की गई।
भाजपा के कार्यकर्ताओं से लिया फीडबैक
हाल ही में संपन्न हुए चुनाव को लेकर चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं एवं विशेष रूप से त्रिदेवों से चुनावों को लेकर फीडबैक ली गई। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा चुनाव में विशेष रूप से सुजानपुर में कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बनता था। हर आयु का कार्यकर्ता चुनाव मैदान में डटा था।
कड़ी मेहनत कठोर परिश्रम का ही नतीजा है कि सुजानपुर से भाजपा का प्रत्याशी जीत दर्ज कर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से कार्यकर्ता और संगठन में बेहतरीन तालमेल बनाकर मतदान प्रतिशतता को बढ़ाया है। मतदाताओं ने खुलकर अपने मत का प्रयोग किया है। तमाम बातें काबिले तारीफ हैं।
कैप्टन रंजीत को अग्रिम जीत की बधाई
उन्होंने कैप्टन रंजीत को अग्रिम जीत की बधाई देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा प्रत्याशी ने भी कड़ी मेहनत की है। हर किसी ने चुनाव मैदान में एक योद्धा की तरह डट कर काम किया। तभी बेहतरीन परिणाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में भाजपा की सरकार बनना तय है। सुजानपुर से भाजपा का विधायक बनना तय है। इस मौके पर भाजपा उम्मीदवार रणजीत राणा ने भी अपना संबोधन रखा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श करते हुए जीत का आशीर्वाद लिया। विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं नारी शक्ति पूर्व सैनिकों एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं संगठन पदाधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि सभी की कड़ी मेहनत है। जिसके बाद यह दिन देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर IPL चेयरमैन अरुण धूमल प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का भी प्रचार के दौरान रही भूमिका पर आभार जताया।
8 दिसंबर को परिणाम सबके सामने होंगे
नगर परिषद उपाध्यक्ष पवन कुमार एवं IT सेल प्रमुख राजेश गुप्ता ने बताया कि सुजानपुर शहर से भाजपा पहली बार लीड लेगी कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत और जोश के साथ मैन टू मैन वर्किंग करके भाजपा प्रत्याशी के लिए काम किया है। 8 दिसंबर को परिणाम सबके सामने होंगे।
भाजपा मीडिया प्रभारी विनोद ठाकुर सह प्रभारी राजेश्वर कटोच ने बैठक में कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में मोर्चे पर डटे हर कार्यकर्ता में जोश था और उस जोश का सबसे बड़ा कारण धूमल का खुद जमीनी स्तर पर मोर्चा संभालना था। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर IPL चेयरमैन अरुण धूमल ने लगातार जमीनी स्तर पर मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने कहा कि जब खुद कमांडर मोर्चा संभालता है। तो सेना को काम करना पड़ता है। ऐसा ही सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.