हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की 5 सीटों पर 64.74% मतदान हुआ। हमीरपुर जिले की बात करें तो यह प्रदेश में आठवें स्थान पर रहा। सुजानपुर सीट पर सबसे ज्यादा 71 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, भोरंज में सबसे कम 58 प्रतिशत मतदान। वोटिंग के बाद पोलिंग पार्टियों ने EVM स्ट्रॉन्ग रूम में जमा करवा दीं। अब वोटों की गिनती 8 दिसंबर को होगी।
हमीरपुर जिले की पांचों सीटों पर वोटर
विधानसभा सीट | वोटर | मतदान प्रतिशत |
हमीरपुर | 75,204 | 66.31% |
सुजानपुर | 72,898 | 71% |
नादौन | 93,013 | 65.55% |
बड़सर | 85,457 | 63.50% |
भोरंज | 81,006 | 58% |
सुक्खू-अग्निहोत्री ने ली चाय की चुस्कियां
मतदान खत्म होने के बाद नादौन से कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर सुक्खू और भाजपा प्रत्याशी विजय अग्निहोत्री क्षेत्र के पोलिंग बूथों का दौरा करने के बाद अचानक कांगू में इकट्ठे हुए। दोनों ने एक दूसरे का हालचाल जाना और साथ में बैठकर चाय की चुस्कियां लीं। इस दौरान उनके साथ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
हमीरपुर में उम्मीदवार समर्थक भिड़े
हमीरपुर के नेडा बूथ पर भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर और निर्दलीय प्रत्याशी आशीष शर्मा के समर्थक भिड़ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि आशीष शर्मा का बूथ मतदान केंद्र से तय दूरी पर नहीं है। जिसके बाद दोनों के समर्थकों में बहसबाजी शुरू हो गई। जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई ताकि झगड़ा ज्यादा न बढ़े।
बूथ के बाहर महिला को आया चक्कर
डोडवीं बूथ के बाहर वोट डालने के लिए लाइन में खड़ी महिला चक्कर खाकर बेहोश हो गई। जिसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर पुष्पेंद्र ने उन्हें उपचार दिया। महिला का नाम अनु शर्मा है और वह डोडवीं (नालटी) गांव की रहने वाली है।
सुक्खू बोले- प्रदेश में बदलाव होगा
वहीं, नादौन सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर सुक्खू ने वोट डालने के बाद कहा कि मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिससे साफ है कि प्रदेश में बदलाव होने जा रहा है। महिलाएं महंगाई से परेशान है, युवा बेरोजगारी से परेशान है। जब लोग परेशान होते हैं तो वें अधिक से अधिक मतदान करते हैं।
अनुराग ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
अनुराग ठाकुर ने वोट डालने के बाद कहा कि सुशासन विकास और गरीब कल्याण ही भाजपा सरकार का प्रमुख दे है। जिसको देखकर हिमाचल की जनता रिवाज बदलने जा रही है, फिर से प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पिछले रिकॉर्ड को ध्यान में रखते हुए शायद उनकी पार्टी ने उन्हें हिमाचल चुनाव से दूर रखा। वह इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा में हैं। यह उनका अंदरुनी मामला है, इस पर ज्यादा कांग्रेस ही बता सकती हैं कि उन्होंने प्रियंका गांधी को क्यों इस यात्रा से दूर क्यों रखा।
प्रेम कुमार धूमल ने डाला वोट
हमीरपुर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने बेटे अनुराग ठाकुर और पूरे परिवार के साथ वोट डाला। वोट डालने के बाद धूमल ने कहा कि OPS पर कांग्रेस लगातार झूठ बोल रही है। उन्होंने ही इसे बंद किया था।जिन्होंने लूटा था, वही इसे देने का वादा कर रहे हैं।
कई स्थानों पर EVM बदली
भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लगवनवीं मतदान केंद्र नंबर 1 पर EVM खराब होने की वजह से एक घंटा देरी से मतदान शुरू हुआ। वहीं, बड़सर विधानसभा क्षेत्र के भेबड़ में EVM खराब निकलने के बाद बदली गई है।
प्रत्याशियों ने परिवार के साथ डाले वोट
हमीरपुर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार आशीष शर्मा ने अपनी पत्नी के साथ वोट डाला। हमीरपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा ने भी परिवार के साथ वोट डाला। वहीं, बड़सर के कांग्रेस प्रत्याशी इंद्र दत्त लखनपाल भी पत्नी के साथ वोट डालने पहुंचे। नादौन से कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर सुक्खू भी वोट डालने पहुंचे। सुजानपुर से कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने भी बेटा बेटी और पत्नी के साथ वोट डाला।
107 साल की महिला ने डाला वोट
भोरंज विधानसभा में 107 साल की महिला राजो देवी ने वोट डाला। हमीरपुर के NIT से पास आउट हर्ष कटोच अमेरिका में एक निजी बैंक में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। विधानसभा चुनावों को लेकर वह वोट डालने हमीरपुर पहुंचे हैं। वहीं,
पांचों सीटों से 32 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 4,07,578 मतदाता इनकी किस्मत का फैसला करेंगे, जिनमें 2,00,439 पुरुष और 2,07,139 महिला व 4 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। वोटिंग के बाद EVM को स्ट्रॉन्ग रूम में रख दिया जाएगा। जिसके बाहर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात रहेगी। मतगणना 8 दिसंबर को होगी।
2017 विधानसभा चुनाव में कौन जीता और कौन हारा
विधानसभा सीट | जीता | हारा |
हमीरपुर | नरेंद्र ठाकुर (भाजपा) | कुलदीप सिंह पठानिया (कांग्रेस) |
नादौन | सुखविंदर सुक्खू (कांग्रेस) | विजय अग्निहोत्री (भाजपा) |
बड़सर | इंदरदत्त लखनपाल (कांग्रेस) | बलदेव शर्मा (भाजपा) |
भोरंज | कमलेश कुमारी (भाजपा) | सुरेश कुमार (कांग्रेस) |
सुजानपुर | राजेंद्र राणा (कांग्रेस) | प्रेम कुमार धूमल (भाजपा) |
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.