हिमाचल के कांगड़ा स्थित जसवां-परागपुर में भाजपा प्रत्याशी बिक्रम सिंह ठाकुर के पक्ष में जनसभा की। इस दौरान उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ रहे समाजसेवी को फर्जी बताया। कहा संजय पराशर मेरे पास समाजसेवा में किए कार्यों की एल्बम लेकर आए थे। कहा कि जो समाजसेवा करता है, उसे एल्बम बनाने की जरूरत नहीं पड़ती।
इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर को जोशीला मंत्री बताते हुए तारीफ की। कहा कि बिक्रम को जिताकर शिमला भेजें। हम मिलकर जसवां परागपुर के विकास को गति देंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनता से कहा कि अगर काम हुआ है तो आपका आशीर्वाद भी चाहिए। यहां हम मिलकर विकास के स्वप्न को पूरा करेंगे। बिक्रम सिंह ठाकुर घुमा फिराकर नहीं सीधी बात करते हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने संजय पराशर को आड़े हाथों लिया। कहा कि वो कह रहे थे कि हम समाजसेवा करते हैं। मेरे पास बड़े ज्यादा दस्तावेज लेकर आए। मैंने पहले सोचा कि कोई बहुत बड़ा साइंटिस्ट होगा। कोई बड़ी थीसिस और स्टडीज रिसर्च लेकर आए होंगे। फिर उन्होंने पन्ना पलटना शुरू किया कि मैंने यह किया वो किया है।
लोगों के दिमाग में होना चाहिए काम का रिकॉर्ड
मुख्यमंत्री ने कहा बहुत अच्छा है आपने सेवा का कार्य किया, लेकिन सेवा ही करनी थी तो इतना बड़ा रिकॉर्ड क्यों रखा है। यह रिकॉर्ड उन लोगों के दिमाग में होना चाहिए जहां काम किया है। फिर उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लड़ना चाहता हूं। मैंने भी कहा कि मैं अच्छी तरह से समझ गया हूं। जो सेवा करते हैं वो उसकी एलबम नहीं बनाते हैं। उसका कोई दस्तावेज नहीं बनाते और दिखाने भी नहीं जाते।
सेवा भाव काम करने वालों का अभिनंदन और स्वागत है
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने तर्क देते हुए कहा कि मुझे 25 साल हो गए काम करते, लेकिन मैंने कोई डॉक्यूमेंट नहीं बनाया, सिर्फ सेवा की है। सेवा को देखना जनता का काम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा भाव से काम करना है करिए। इसके लिए सभी का अभिनंदन और स्वागत है।
10 हजार वोटों से जीतेंगे जसवां-परागपुर
वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जसवां परागपुर पहुंचने पर कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने उनकी जमकर तारीफ की। कहा कि केंद्र में हमारी सरकार है, प्रदेश में फिर से सरकार बनने जा रही है। हम रिवाज बदलने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार 10 हजार से ज्यादा वोटों से जसवां परागपुर से जीतेंगे। यह भाजपा का गढ़ है। जसवां परागपुर को मंत्री पद मिलने का फायदा हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.