हिमाचल प्रदेश भाजपा के महामंत्री त्रिलोक कपूर ने राज्य की कांग्रेस सरकार को चुनौती दी है कि वह कांगड़ा जिले में आने वाले पालमपुर को अलग जिला बनाकर दिखाएं। अगर सरकार ऐसा करने में कामयाब हो गई तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
पालमपुर में पत्रकार वार्ता में त्रिलोक कपूर ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और मुख्य संसदीय सचिव (CPS) आशीष बुटेल अपने कार्यकाल में पालमपुर को अलग जिला बना ही नहीं सकते।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि CPS 3 महीने की अवधि में पालमपुर को 200 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट मिलने संबंधी तिथिवार दस्तावेज सार्वजनिक करें। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक मात्र झूठ बोलने का कार्य कर रहे हैं। जल शक्ति विभाग द्वारा, जो 135 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है, उसके लिए तत्कालीन जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह द्वारा प्रयास किए गए थे।
प्रोजेक्टों की स्वीकृति में कांग्रेस का कोई योगदान नहीं
त्रिलोक कपूर ने कहा कि 35 करोड़ दिए जाने की बात विधायक द्वारा कही जा रही है, उसे लेकर भी वह दस्तावेज सार्वजनिक करें। चंदपुर-कुलानी सड़क मार्ग नाबार्ड द्वारा स्वीकृत है तथा इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूर्व सरकार द्वारा आरंभ की गई थी, परंतु आदर्श चुनाव संहिता लग जाने के कारण टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई, जिसे अब पूरा किया गया है। इसमें कांग्रेस का कोई योगदान नहीं है।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि इसके अलावा रोपा रठां कपूर बस्ती सड़क के लिए 4.75 करोड़, मनियाड़ा- कोठी पाहड़ा के लिए 5 करोड़ का प्रस्ताव स्वीकृति के लिए दिल्ली भेजा गया है तथा जब तक स्थानीय सांसद इसकी अनुशंसा नहीं करेंगे, तब तक इस पर अंतिम मोहर नहीं लग पाएगी। टंडरू महादेव से होलसू सड़क के लिए अभी धनराशि जारी नहीं हुई है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.