हिमाचल प्रदेश में पुलिस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होना भाजपा सरकार की नाकामी है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष और विधायक पवन काजल ने प्रेस को जारी बयान में भाजपा पर निशाना साधते हुए यह बात कही।
काजल ने कहा कि नियुक्ति पत्र का इंतजार कर रहे युवाओं को ऐन मौके पर भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने का हवाला देकर वंचित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों में भी चहेतों को नौकरियां बांटने के लिए नियमों को ताक पर रखा जा रहा है। कांग्रेस सरकार आने पर इन भर्तियों की जांच करवा कर लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाएगी।
धर्म और क्षेत्र में बांट हित साध रही भाजपा
काजल ने कहा कि भाजपा बेरोजगारी और महंगाई पर लगाम कसने में पूर्णता नाकाम रही है। धर्म और क्षेत्रवाद के नाम पर जनता को बांटकर अपना हित साध रही है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपए बढ़ोतरी करने से केंद्र सरकार ने गरीब जनता की जेब पर डाका मारा है। प्रदेश सरकार को जिला कांगड़ा विरोधी करार देते हुए उन्होंने कहा कि धर्मशाला और कांगड़ा में नए कार्यालय खोलना तो दूर जो पिछली सरकारों ने यहां पर सरकारी कार्यालय खोले थे, उन्हें भी दूसरे जिलों में शिफ्ट किया जा रहा है।
आईटी पार्क प्रोजेक्ट की अनदेखी का आरोप
काजल ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने गग्गल में आईटी पार्क के निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपए का बजट और भूमि मंजूर की थी। इसके बावजूद मौजूदा सरकार उसका निर्माण कार्य शुरू करवाने में फिसड्डी रही है। आईटी पार्क बनने से क्षेत्र के लगभग पांच हजार बेरोजगारों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार मिलता। 16 मई को कांगड़ा नगर स्थित बृजेश्वरी मंदिर में पूजा अर्चना कर संसदीय क्षेत्र के हर विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर जनता को भाजपा सरकार की नाकामियों से अवगत करवाएंगे।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.